खेल डेस्क। संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी टी-20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में तीन दिग्गज खिलाडिय़ों की वापसी हुई है। जिन तीन खिलाडिय़ों की क्रिकेट के इस फॉर्मेट में वापसी हुई उनमें सलामी बल्लेबाज क्रिस लिन, गेंदबाज नाथन कोल्टर नाइल और स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन शामिल हैं।
वहीं इस सीरीज के लिए विस्फोटक बल्लेबाज आरोन फिंच को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का कप्तान चुना गया है। जबकि उनका सहयोग करने के लिए ऑलराउंडर मिशेल मार्श और एलेक्स कारी को ऑस्ट्रेलियाई टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
ऐसा नहीं है कि आरोन फिंच पहली बार अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी करेंगे। इससे पहले भी वह जिम्बाब्वे में टी-20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस स्टार क्रिकेटर को हाल ही में यूएई में दो टेस्टों की सीरीज के लिए टेस्ट टीम में चुना गया था।
आरोन फिंच को ऑस्ट्रेलियाई टी-20 टीम की कप्तानी सौंपे जाने के मामले में कोच जस्टिन लेंगर ने कहा कि यूएई में फिंच ने काफी प्रभावित किया था। फिंच टी-20 क्रिकेट में तो विश्व के चुनिंदा खिलाडिय़ों में शामिल है।
उन्होंने क्रिस लिन और गेंदबाज नाथन कोल्टर नाइल की टीम में वापसी को लेकर कहा कि क्रिस लिन का जेएलटी कप में प्रदर्शन शानदार रहा है। इस टूर्नामेंट में उन्होंने दिखाया है कि वह कितने आक्रामक खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में 24, 26 और 28 अक्टूबर को तीन टी-20 मैच खेलेगा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम: आरोन फिंच (कप्तान), मिशेल मार्श, एलेक्स कारी, नाथन लियोन, ग्लेन मैक्सवेल, बेन मैकडेरमोट, एश्टन एगर, नाथन कोल्टर नाइल, क्रिस लिन, डी आर्सी शॉर्ट, बिली स्टेनलेक, मिशेल स्टार्क, एंड्रयू टाई, एडम जम्पा।