इंटरनेट डेस्क। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज के बाद अब जल्द ही पांच वनडे सीरीज का आयोजन होने वाला है। दोनों टीमों के बीच 21 अक्टूबर से पांच वनडे मैचों की सीरीज खेली जाने वाली है। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। भारतीय टीम इसके साथ ही वनडे सीरीज के शुरूआती दो मैच खेलते ही अपने नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज कर लेगी।
जी, हां भारतीय टीम सीरीज में पहले दो मैच खेलते ही 950 वनडे मैच खेलने वाली विश्व की नंबर वन टीम बन जाएगी। अगर बात करें तो अभी तक किसी भी टीम ने वनडे क्रिकेट में अब तक 950 वनडे नहीं खेले हैं। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ऐसा दूसरा देश है, जिसने 900 वनडे पूरे किए हैं। कंगारू टीम ने अब तक 916 वनडे खेले हैं। भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक 948 वनडे मैच खेले है। भारत ने इस दौरान 489 वनडे मैच जीते हैं, जबकि 411 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान आठ मुकाबले टाई रहे, जबकि 40 का कोई नतीजा नहीं निकला। भारतीय टीम ने कैरेबियाई टीम के विरूद्ध 121 वनडे मैच खेले है और इस दौरान 56 जीते हैं, 61 हारे हैं, एक टाई रहा है और तीन में कोई नतीजा नहीं निकला है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वनडे सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई। इस सीरीज में भारतीय टीम ने कैरेबियाई टीम का क्लिन स्वीप किया और दो टेस्ट मैचों की सीरीज 2—0 से जीत ली।