Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईएसएल-5 : बेंगलुरु ने पुणे को 3-0 से एकतरफा हार सौंपी

पुणे| बेंगलुरु एफसी ने सोमवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के मैच में मेजबान एफसी पुणे सिटी को उसके घर छत्रपति शिवाजी स्टेडियम में खेले गए मैच में 3-0 से एकतरफा हार सौंपी। बेंगलुरु की जीत के हीरो उसके कप्तान सुनील छेत्री, मिकू और गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू रहे जिन्होंने पुणे को हावी नहीं होने दिया।छेत्री ने पहले हाफ में दो गोल किए तो वहीं मिकू ने दूसरे हाफ में अपना खाता खोला। गुरप्रीत ने पुणे की मार्सेलिन्हो और इमिलियानो अल्फारो की खतरनाक जोड़ी के शॉट्स का अच्छा बचाव किया।

बेंगलुरु अब 10 टीमों की अंकतालिका में पहले स्थान पर आ गई है। उसके तीन मैचों में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ सात अंक हो गए हैं। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के भी सात अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण बेंगलुरु पहले स्थान पर है।

मेजबान टीम ने हालांकि बेंगलुरु को टक्कर देने की कोशिश, लेकिन उसकी स्टार जोड़ी, मार्सेलिन्हो और इमिलियानो अल्फारो की जोड़ी गोल करने में नाकामयाब साबित हुई और इस जोड़ी पर छेत्री-मिकू की जोड़ी ने बाजी मार ली। इस जीत में बेंगलुरु के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह की भी हाथ रहा जिन्होंने अच्छे बचाव करते हुए मेजबान टीम को गोल करने से दूर रखा और क्लीनशीट हासिल की।

दोनों टीमों ने मैच की शुरुआत धीमी की। पहले 15 मिनट तक मैदान पर ज्यादा हलचल देखने को नहीं मिली। इसी मिनट में मिकू के पास गोल करने का मौका आया।

उन्होंने मैट मिल्स से गेंद छीनी और बॉक्स के अंदर घुसते हुए बाएं तरफ से गोलपोस्ट पर निशाना दागा, लेकिन वह अपने शॉट पर नियंत्रण नहीं रख सके और मौका गंवा बैठे।

19वें मिनट में पुणे के मार्सेलिन्हो ने भी गोल करने का प्रयास किया। 25-30 यार्ड से उन्होंने गोल पोस्ट से दाहिने कोने में गेंद को डालना चाहा, लेकिन गुरप्रीत सिंह संधू ने उनके शानदार कर्लिग शॉट को रोक लिया।

अगले ही मिनट बेंगलुरु ने काउंटर अटैक किया। उदांता ने कप्तान सुनील छेत्री को पास दिया। छेत्री ने उदांता को गेंद वापस दी। उदांता ने एक बार फिर गेंद को कप्तान को वापस देना चाहा लेकिन बीच में मिल्स आ गए।

यहां से दोनों टीमें बराबरी का खेल खेलने लगीं लेकिन कप्तान ने दो मिनट के अंदर दो गोल कर मेहमान टीम को मजबूत बढ़त दिला दी।

छेत्री ने पहला गोल 41वें मिनट में किया। इसमें दिमास डेलगाडो ने उनकी सहायता की। दिमास के पास गेंद आई जिन्होंने छेत्री को हवा में पास दिया। छेत्री ने गेंद ली और गोलकीपर को छकाते हुए आसानी से उसे नेट में डाल अपनी टीम का खाता खोला।

इससे थोड़ी ही देर पहले छेत्री ने गोल करने का एक मौका गंवा दिया था, लेकिन इस बार वह चूके नहीं। 43वें मिनट में छेत्री को एक और मौका मिला जिसे भुनाने में वह सफल रहे।

इस बार कप्तान को अपने स्टार खिलाड़ी मिकू का साथ मिला। मिकू ने बॉक्स के अंदर आकर गेंद छेत्री के पास पहुंचाई। उनके सामने पुणे के खिलाड़ी सार्थक गोलोई खड़े थे। छेत्री ने आसानी से उनके दाहिने कोने से गेंद कटाई और फिर गोलकीपर को छकाते हुए गोल कर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

हाफ टाइम के खत्म होते-होते बेंगलुरु तीसरा गोल कर सकती थी, लेकिन दिमास के पास पर मिकू गोल करने में विफल रह गए।

मिकू ने हालांकि दूसरे हाफ में अपनी गलती की भरपाई करते हुए 64वें मिनट में गोल कर बेंगलुरु की जीत लगभग तय कर दी। अल्बर्ट फ्लोरेस ने मिकू को बॉक्स के कोने पर लंबी गेंद दी। मीकू ने समय लिया और पलट कर गेंद को नेट में डाल अपनी टीम को 3-0 से आगे कर दिया।

बेंगलुरु के तीसरे गोल के दो मिनट बाद डिएगो कार्लोस ने पुणे का खाता खोलना चाहा। गुरप्रीत ने उनकी भी कोशिश को नाकाम कर दिया। इसी तरह गोलकीपर ने 79वें मिनट में मार्सेलो के प्रयास को अपनी सूझबूझ से रोकते हुए पुणे द्वारा गोल करने का एक और मौका छीन लिया।

The post आईएसएल-5 : बेंगलुरु ने पुणे को 3-0 से एकतरफा हार सौंपी appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.