Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों को 5 पदक

नई दिल्ली
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रविवार को म्यांमार के मंडालाय में संपन्न बैडमिंटन एशियाई जूनियर अंडर-17 और अंडर-15 वर्ग में 5 पदक जीतने में सफल रहे। मेघना और तसनीम की जोड़ी ने यिओ जिन गोंग और डा यियोन जियोंग की जोड़ी को फाइनल में 23-21, 21-18 से हराकर लड़कियों के अंडर-15 वर्ग का युगल खिताब जीता।

मेइराबा लुआंग और अदिति भट्ट ने अंडर 17 वर्ग में क्रमश: लड़कों और लड़कियों के एक वर्ग के ब्रॉन्ज मेडल जीते। एस शंकर मुथुस्वामी ने अंडर 15 लड़कों के एकल वर्ग में ब्रॉन्ज जीता। अंडर-15 वर्ग में प्रणव राव गंधाम और पी साई विष्णु की जोड़ी भी कांस्य जीतने में सफल रही।

शंकर को सेमीफाइनल में कोरिया के ब्युंग जेई किम के खिलाफ कड़े मुकाबले में 15-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि अदिति को इंडोनेशिया की सविता फतेतानी के खिलाफ 12-21, 13-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। मेइराबा ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन उन्हें कोरिया के योंग जिन के खिलाफ 21-19, 16-21, 10-21 से हार झेलनी पड़ी।