Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईएसएल-5 : एटीके को तीसरी हार से बचाने में लेंजारोते का रहा बड़ा हाथ 

जमशेदपुर| दो बार के चैम्पियन एटीके को मैनुएल लेंजारोते के व्यक्तिगत प्रयासों ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में रविवार को तीसरी हार से बचा लिया। पहले हाफ के इंजुरी टाइम में कार्नर पर गोल करते हुए लेंजारोते ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्पलेक्स मैदान पर मेजबान जमशेदपुर एफसी को 1-1 से ड्रा खेलने पर मजबूर किया।मेजबान टीम ने 35वें मिनट में सर्गियो सिडोंचा के गोल के दम पर बढ़त हासिल कर ली थी। खेल की गुणवत्ता के लिहाज से पहला हाफ जमशेदपुर के नाम रहा लेकिन गोल के लिहाज से मुकाबला बराबरी का रहा।

सिडोंचा ने फ्री-किक पर गोल करते हुए जहां मेजबान टीम को आगे किया वहीं लेंजारोते ने अकेले दम पर कार्नर पर कर्लिग किक के माध्यम से गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों की ओर से कई अच्छे प्रयास हुए लेकिन किसी को भी सफलता हासिल नहीं हुई और दोनों टीमों अंक बांटने पर मजबूर हुईं।

मेजबान टीम का यह तीसरा मैच था जबकि एटीके का चौथा। एटीके को दो मैचों में हार मिली है जबकि एक मैच जीत मिली है। एक मैच ड्रा रहा है। उसके पास चार अंक हैं और वह 10 टीमों की तालिका में सातवें स्थान पर है। जमशेदपुर ने एक जीत हासिल की है जबकि दो मैच बराबरी पर छूटे हैं। उसके पांच अंक हो गए हैं और वह दो स्थान के फायदे के साथ दूसरे स्थान पर है।

मैच के शुरुआती 15 मिनट में दोनों टीमों ने रक्षात्मक रुख अपनाया। इस दौरान जमशेदपुर ने मिडफील्ड में कुछ हलचल की लेकिन एटीके के मिडफील्डर सावधान थे और उन्होंने गेंद को अपने बाक्स की तरफ नहीं जाने दिया।

माइकल सुसाएराज ने 15वें मिनट में ही एटीके के गोलपोस्ट पर जोरदार हमला बोला। वह शानदार स्किल दिखाते हुए गेंद को बाएं फ्लैंक से लेकर एटीके के बाक्स एरिया में घुसे और उसे सिडोंचा के हवाले किया। सिडोंचा ने पोस्ट की दिशा में गेंद पर जोरदार प्रहार किया लेकिन वह मेहमान गोलकीपर अरिंदम भट्टाचार्य को छका नहीं सके।

मैच के 17वें मिनट में एटीके के फारवर्ड भी आगे बढ़े और कार्नर हासिल किया लेकिन जमशेदपुर के डिफेंडरों ने इसे खतरा साबित नहीं होने दिया। जमशेदपुर एफसी ने 26वें मिनट में एक और मौका बनाया लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। सिडोंचा के अच्छे प्रयास को विफल कर गेरसन विएरा ने एटीके को मुश्किल से उबार लिया।

एटीके के लिए 31वें मिनट में रिकी लालवमावमा ने एक अच्छा मौका बनाया और ड्रिबल करते हुए गोलपोस्ट तक पहुंचे लेकिन टिरी ने उन्हें रोक दिया। इसी मिनट में एटीके के एवर्टन सांतोस को पीला कार्ड मिला।

जमशेदपुर ने अपने हमले जारी रखे और इसका फल उस समय मिला, जब सिडोंचा ने फ्रीकिक पर एक क्लीन स्ट्राइक के माध्यम से उसे 1-0 से आगे कर दिया।

एटीके ने अब तक मेजबान के खिलाफ एक भी सटीक हमला नहीं किया था लेकिन एक गोल से पिछड़ने के बाद मानो उसकी नींद टूटी और पहले हाफ के इंजुरी टाइम में लेंजारोते की मदद से उसने बराबरी कर ली।

दूसरे हाफ के शुरुआती 15 मिनट दोनों टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा का प्रतीक बने। 62वें मिनट में टिम काहिल ने अच्छा मूव बनाया था लेकिन वह बदकिस्मत रहे। बढ़त पाने की ललक ने दोनों टीमों को सक्रिय बनाए रखा लेकिन सटीक प्रहार की कमी के कारण किसी को सफलता नहीं मिली और इस तरह एक रोमांचक मुकाबला ड्रा के साथ खत्म हुआ।

The post आईएसएल-5 : एटीके को तीसरी हार से बचाने में लेंजारोते का रहा बड़ा हाथ  appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.