पटना| गुजरात फॉर्च्यूनजाएंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के पटना लेग के दूसरे मैच में शुक्रवार को तमिल थलाइवाज को 36-25 से हरा दिया। पिछले सीजन की उपविजेता गुजरात की चार मैचों में यह दूसरी जीत है। टीम ने छठे सीजन के चार मैचों में अब तक एक हार झेली है जबकि दो जीत के अलावा एक मैच टाई रहा है।
वहीं, थलाइवाज को आठ मैचों में छठी शिकस्त झेलनी पड़ी है। थलाइवाज ने इस सीजन में अपना पहला मैच जीता था, लेकिन इसके बाद उसे लगातार पांच मैचों में मात मिली थी।
गुजरात टीम यहां पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्पलेक्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के पहले हाफ में 16-14 से आगे थी और उसने दूसरे हाफ में भी लगातार अंक लेते हुए 36-25 से मैच अपने नाम कर लिया।
गुजरात के लिए सचिन ने सर्वाधिक 12 अंक लिए। उनके अलावा अजय कुमार ने सात और महेंद्र राजपूत ने चार अंक जुटाए। गुजरात ने रेड से 21, टैकल से 13 और ऑलआउट से दो अंक हासिल किए।
तमिल की टीम ने रेड से 18 और टैकल से सात अंक जुटाए। तमिल के लिए अजय ठाकुर ने सात, सुकेश हेगडे ने छह और अमित हुडडा तथा जसवीर सिंह ने चार-चार अंक अर्जित किए।
The post प्रो कबड्डी लीग-6 : गुजरात ने थलाइवाज को 36-25 से दी मात appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.