Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

राजकोट टेस्ट- भारत की पहली पारी 649/9, वेस्ट इंडीज को लगा चौथा झटका

राजकोट 
राजकोट टेस्ट में भारतीय टीम ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपनी पहली पारी 149.5 ओवरों में 9 विकेट पर 649 रन घोषित की। जवाब में वेस्ट इंडीज ने अपनी पहली पारी में 12 ओवर में 4 विकेट पर 32 रन बनाए हैं। रोस्टन चेज (0) और सुनील एम्ब्रिस (9) क्रीज पर हैं।भारत की पहली पारी 649 रन के जवाब में बैटिंग करने उतरी वेस्ट इंडीज टीम की बेहद खराब रही। उसने पारी के दूसरे ही ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर कप्तान ब्रैथवेट (2) का विकेट गंवा दिया। शमी की सीधी गेंद को ब्रैथवेट पढ़ नहीं पाए और गेंद जाकर ऑफ स्टंप पर लगी। इसके बाद दूसरे ओपनर कायरन पावेल भी ज्यादा देर संघर्ष नहीं कर सके और शमी की गेंद पर पदबाधा आउट हो गए। उन्होंने सिर्फ 1 रन बनाया था। विंडीज की टीम संभल पाती इससे पहले ही आर. अश्विन ने शाई होप (10) को बोल्ड करते हुए भारत को तीसरी सफलता दिला दी। कुछ ही देर बाद शिमरन हेटमायर (10) रन आउट हो गए। 

भारतीय पारी का रोमांच, पृथ्वी, विराट और जडेजा की सेंचुरी 
भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने बल्लेबाजों की बेहतरीन पारियों के दम पर वेस्ट इंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 649 रन बनाकर घोषित की। मैच के पहले दिन डेब्यू स्टार पृथ्वी शॉ (134) ने शानदार शतक लगाया, जबकि दूसरा दिन के शतकवीर कप्तान विराट कोहली (139) और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (नाबाद 100) के नाम रहा। अपने होम ग्राउंड पर खेल रहे जडेजा का यह पहला टेस्ट शतक है। इन तीनों के अलावा ऋषभ पंत (92 रन, 84 गेंद, 8 चोके, 4 छक्के) और चेतेश्वर पुजारा (86) ने अर्धशतकीय पारी खेली। सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में दूसरे दिन पहले सत्र में भारतीय टीम को ऋषभ पंत (92) के रूप में दिन का पहला झटका लगा। उन्हें देवेंद्र बिशू ने कीमो पॉल के हाथों कैच आउट कर पविलियन भेजा। पंत ने आउट होने से पहले कप्तान विराट कोहली (139) के साथ 5वें विकेट के लिए 133 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को 470 के स्कोर तक पहुंचाया। पंत ने अपनी पारी में 84 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 4 छक्के लगाए। पंत के बाद जडेजा ने कोहली के साथ पहले सत्र की समाप्ति 36 रन और जोड़कर टीम को 506 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके साथ लंच की घोषणा हुई। 

दूसरे सत्र की शुरुआत के बाद कोहली ने जडेजा के साथ 28 रन जोड़े थे कि 534 के स्कोर पर शेरमन लुइस ने कोहली को बिशू के हाथों कैच आउट करा भारत को दिन का दूसरा झटका दिया। कोहली ने 230 गेंदों की पारी में 10 चौके लगाए। कोहली ने अपने टेस्ट करियर का 24वां शतक पूरा किया। उन्होंने 123 पारियों में 24वां शतक लगाया। 24 शतक तक पहुंचने वाले वह भारत की ओर से सबसे तेज (पारियों के आधार पर) बल्लेबाज बने। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सर डॉन ब्रैडमैन इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने महज 62 पारियों में अपने 24 शतक पूरे किए थे। कोहली ने इस क्रम में दिग्गज बल्लेबाज रहे सचिन तेंडुलकर को पछाड़ दिया। सचिन ने 125 पारियों में 24 शतक लगाए थे। छठे विकेट के रूप में कोहली के आउट होने के बाद जडेजा का साथ देने आए रविचंद्रन अश्विन (7) को बिशू ने अधिक देर तक मैदान पर नहीं टिकने दिया। वह विकेट के पीछे खड़े शॉन डॉवरिच के हाथों लपके गए। बिशू ने इसके बाद 571 के स्कोर पर कुलदीप यादव (12) को भी चलता किया। 

जडेजा ने इसके बाद उमेश यादव (22) के साथ 55 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को 626 के स्कोर तक पहुंचाया और इसी स्कोर पर कप्तान क्रैग ब्रैथवैट ने यादव को पविलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद, जडेजा ने शमी के साथ 23 रन जोड़े और टीम को 649 के स्कोर तक पहुंचाया। इसी स्कोर के साथ भारत की पहली पारी घोषित कर दी गई। जडेजा ने 38वें मैच में अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया। वेस्ट इंडीज के लिए इस पारी में देवेंद्र बिशू ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। शेरमन लुइस को दो सफलताएं मिली। शेनन गैब्रियल, रोस्टन चेज और क्रेग ब्रैथवैट को एक-एक विकेट मिला।