Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

8 साल में रोहन बोपन्ना अपनी सबसे खराब रैंकिंग पर

नयी दिल्ली
बासेल ओपन के क्वार्टरफाइनल में हारने वाले भारत के युगल विशेषज्ञ रोहन बोपन्ना पिछले आठ वर्षाें में अपनी सबसे खराब रैंकिंग पर पहुंच गये हैं। 38 वर्षीय बोपन्ना को अपने जोड़ीदार मार्सेल ग्रैनोलर्स के साथ पिछले सप्ताह बासेल ओपन के क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। बोपन्ना को रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ और वह 39वें नंबर पर खिसक गये। पिछले आठ वर्षाें से अधिक समय में बोपन्ना की यह सबसे खराब रैंकिंग है। बोपन्ना 21 जून 2010 को 52वीं रैंकिंग पर थे लेकिन उसके बाद से वह कभी 38वीं रैंकिंग से नीचे नहीं गये थे। इस बीच दिविज शरण ने अपनी रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया और 38वें नंबर के साथ वह देश के नंबर एक युगल खिलाड़ी बन गये। अनुभवी लिएंडर पेस दो स्थान के सुधार के साथ 60वें और जीवन नेदुनचेझियन तीन स्थान के सुधार के साथ 72वें नंबर पर पहुंच गये हैं। चीन में लियूझू इंटरनेशनल चैलेंजर के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले प्रजनेश गुणेश्वरन ने एकल रैंकिंग में चार स्थान का सुधार किया है और वह 142वें नंबर पर पहुंच गये हैं। रामकुमार रामनाथन तीन स्थान के सुधार के साथ 121वें नंबर पर पहुंचे हैं जबकि यूकी भांबरी एक स्थान गिरकर 108वें नंबर पर खिसक गये हैं।