स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह इन दिनों टीम से बाहर चल रहे है, लेकिन उनका बल्ला विजय हजारे ट्रॉफी में जमकर बरस रहा है। विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप-ए के एक मैच युवराज सिंह एक बार फिर पुराने अंदाज में नजर आये।
विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब की तरफ से खेलते हुए रेलवे के खिलाफ युवराज सिंह ने 121 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के लगाते हुए 96 रनों की पारी खेल डाली। हालांकि, शतक चूकने का उनको अफ़सोस जरूर रहेगा, लेकिन वह अपनी इस शानदार पारी से खुश होंगे, क्योंकि लंबे समय के बाद युवराज सिंह का बल्ला चला है।
37 साल के युवराज सिंह इस ट्रॉफी में शानदार लय में नजर आ रहे हैं । उन्होंने ट्रोफी में अपने पहले मैच में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 48 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में विदर्भ के खिलाफ 41 रनों की पारी खेली । हालांकि, तीसरे मैच में महाराष्ट्र के खिलाफ वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। 28 सितंबर को मुंबई के खिलाफ उन्होंने 26 रन बनाने के अलावा एक विकेट भी लिया था । अब तक उन्होंने 5 मैचों में 217 रन बना लिए हैं ।
वहीं युवराज टीम इंडिया में जगह बनाने की कोशिश कर रहे है। साल 2019 वर्ल्ड कप के बाद ही युवराज अपने संन्यास पर फैसला लेंगे । युवराज ने कहा था कि, 'इस बीच मुझे जितना भी क्रिकेट खेलने को मिलेगा वो अलग बात है, लेकिन मैं संन्यास पर फैसला 2019 वर्ल्ड कप के बाद ही लूंगा ।'
Herald