स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज के लिए टेस्ट टीम की घोषणा कर दी है। घरेलू मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले मयंक अग्रवाल और मोहम्मद सिराज को पहली बार भारतीय टेस्ट में जगह मिली है। बता दें कि भारतीय टीम हाल ही में दुबई से एशिया कप जीतकर लौटी है और उसे अब 4 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है।
विराट कोहली, जिसे एशिया कप के लिए आराम दिया गया था, को टीम का कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद टीम में स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को भी जगह मिल गई है हालाँकि तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और आल राउंडर हार्दिक पंड्या को चोट की वजह से टीम में शामिल नहीं किया गया है।
आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को भी आराम दिया है। टीम में स्पिनर के तौर पर आर. आश्विन, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव और तेज गेंदबाजी में उमेश यादव, मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद शिराज को शामिल किया है। ऋषभ पंत विकेटकीपर के तौर पर बने हुए है वहीं इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट डेब्यू करने वाले हनुमा विहारी भी टीम में शामिल है।
इस टीम के चयन में सबसे चौंकाने वाला निर्णय शिखर धवन का शामिल होना नहीं है जो कि एशिया कप में मैन ऑफ़ द सीरीज रहे है। इसके अलावा रोहित शर्मा और अंबाती रायुडू के नाम पर टेस्ट टीम के लिए एक बार फिर से विचार नहीं किया गया। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट राजकोट में 4 अक्टूबर से और दूसरा टेस्ट 12 अक्टूबर से हैदराबाद में खेला जाएगा।
भारतीय टेस्ट टीम - विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), आर. अश्विन, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर।
Herald