इंटरनेट डेस्क। विजयसिंह माधवजी मर्चेंट भारतीय टीम के पूर्व शानदार खिलाड़ियों में से एक है। भारत का ये दिग्गज बल्लेबाज आज अगर हमारे बीच में होते तो अपना 107वां जन्मदिन मना रहे होते। विजय मर्चेंट का जन्म 12 अक्टूबर 1911 को बॉम्बे में हुआ था।
विजय मर्चेंट मैदान में दाएं हाथ से बल्लेबाजी और कभी-कभी दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाजी करते हुए नजर आते थे। भारत के इस दिग्गज खिलाड़ी ने 1929 और 1951 के बीच भारत के लिए 10 टेस्ट मैच के साथ प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला। विजयसिंह माधवजी मर्चेंट केवल 10 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर सके थे। विजयसिंह माधवजी मर्चेंट को भारत का 'ब्रैडमैन' कहा जाता था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ये दिग्गज खिलाड़ी चयनकर्ता की भूमिका भी निभा चुका है।
भारत के इस दिग्गज बल्लेबाज ने क्रिकेट के मैदान में कई शानदार रिकॉर्ड बनाने में कामयाबी हासिल की है। एक ऐसा ही अनोखा रिकॉर्ड आज भी दिग्गज के नाम दर्ज है। विजय मर्चेंट और मुश्ताक अली के द्वारा इंग्लैंड के खिलाफ बनाए उस रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आजादी से पहले बना था और वह भी इंग्लैंड के ही मैदान पर। जिसे आज तक कोई ओपनर बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया। हम जिस रिकॉर्ड की बात कर रहे हैं, वह है इंग्लैंड के खिलाफ भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज़ों का एक ही पारी में शतक लगाना। इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में विजय ने 114 रन और मुश्ताक अली ने 112 रन बनाए थे। टेस्ट में विजय मर्चेंट ने 3 शतक लगाए, इनमें से दो शतक अंतिम दो पारियों में लगाए है।