Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

यूथ ओलिंपिक: किसान के बेटे आकाश ने जीता तीरंदाजी में सिल्वर मेडल

ब्यूनस आयर्स
आकाश मलिक यूथ ओलिंपिक गेम्स की तीरंदाजी स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उनके पदक के साथ ही भारत ने इन खेलों से अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ विदा ली। एक किसान के पुत्र 15 वर्षीय आकाश को फाइनल में अमेरिका के ट्रेंटन कोलेस ने 6-0 से हराया। भारत ने इन खेलों में 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। क्वॉलिफिकेशन के बाद पांचवीं वरीयता प्राप्त आकाश फाइनल में लय कायम नहीं रख सके। कोलेस ने सिर्फ 10 और 9 में स्कोर कर आसानी से जीत दर्ज की। तीन सेटों के मुकाबले में दोनों ने चार बार परफेक्ट 10 का स्कोर किया लेकिन आकाश ने पहले और तीसरे सेट में दो बार सिर्फ छह स्कोर किया।

आकाश ने कहा, ‘मैंने तेज हवाओं में अभ्यास किया था लेकिन यहां हवा काफी तेज थी। कोलेस दमदार प्रतिद्वंद्वी थे और मेरे पास कोई मौका नहीं था।’ इससे पहले अतुल वर्मा ने 2014 में नानजिंग में हुए खेलों में ब्रॉन्ज जीता था आकाश ने 6 साल पहले तीरंदाजी शुरू की जब शारीरिक ट्रेनर और तीरंदाजी कोच मनजीत मलिक ने उन्हें ट्रायल के दौरान चुना।

आकाश के पिता नरेंदर मलिक गेहूं और कपास की खेती करते हैं लेकिन वह कभी नहीं चाहते थे कि उनका बेटा किसान बने। आकाश ने पिछले साल युवा ओलिंपिक क्वॉलिफाइंग टूर्नमेंट में गोल्ड जीता था। उन्होंने एशिया कप के पहले चरण में गोल्ड, दूसरे में दो ब्रॉन्ज और दक्षिण एशियाई चैंपियनशिप में एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता था।