खेल डेस्क। मुंबई के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर आज वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में मैदान में उतरने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले भारत के 294वें खिलाड़ी बने थे।
उन्हें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की जगह टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला था।हालांकि डेब्यू टेस्ट मैच उनके लिए दुस्वप्न बन गया क्योंकि शार्दुल ठाकुर को इस मैच में केवल दस गेंद करने के बाद मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोडऩा पड़ा।
मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान जैसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मैच का दूसरा ही ओवर शार्दुल ठाकुर ने किया। इसके बाद वह जब अपना दूसरा ओवर करवा रहे थे, उन्हें इसी दौरान परेशानी महसूस होने लगी।
कैरेबियाई पारी की पारी के चौथे ओवर की चौथी गेंद करने के बाद शार्दुल ठाकुर दर्द के कारण लंगड़ाते हुए चलने लगे।बाद में फिजियो पैट्रिक फरहार्ट के मैदान पर आने के बात पता चला कि भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है।
इस कारण उन्हें अपना दूसरा ओवर बीच में छोडक़र ही पवेलियन लौटना पड़ा। इसके बाद ठाकुर द्वारा अधूरे छोड़े गए ओवर को रविचंद्रन अश्विन ने अंतिम दो गेंद फेंक कर पूरा किया।
हालांकि अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि इस मैच में शार्दुल ठाकुर मांसपेशियों में खिंचाव के कारण आगे खेल पाएंगे या नहीं। गौरतलब है कि एशिया कप में हांगकांग के विरूद्ध मैच के बाद कूल्हे की चोट के कारण स्वदेश भेजने के कारण भी शार्दुल ठाकुर की फिटनेस पर सवाल उठने लगे थे।