Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

मैरी कॉम के दो छुपे सुपरस्टार्स, बॉक्सिंग में मचा रहे धमाल

नई दिल्ली
भारतीय महिला बॉक्सिंग की जैसे ही बात आती है हम सभी के जेहन में सबसे पहला नाम 5 बार की मैरी कॉम का आता है। बॉक्सिंग क्वीन मैरी पर फिल्म भी बन चुकी है। देखा जाए तो उनके बारे में कुछ भी छुपा नहीं है, सिवाय एक चीज के। वह हैं उनके दो छुपे सुपरस्टार्स- नेंगनेहाट कॉम और निंगटॉजम रोहित। दरअसल, ये दो ऐसे बच्चे हैं, जो उनकी अकादमी में प्रैक्टिस करते हैं और इनका मैरी और उनके पति ऑनलर से गहरा रिश्ता है।

दरअसल, 2006 में मैरी कॉम पति के साथ अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए समुलामलन (मणिपुर के चुराचांदपुर जिले का एक गांव) गई थी। वहां उन्हें दो बच्चों (नेंगनेहाट कॉम और निंगटॉजम रोहित) के बारे में पता चला, जो भूख और गरीबी से जूझ रहे थे। मैरी, जो उस वक्त प्रेग्नेंट थीं, बच्चों से मिलीं और उन्हें अपने साथ रखने का फैसला किया। अब वही दोनों बच्चे बॉक्सिंग में धमाल मचा रहे हैं।

उस घटना के बारे में ओनलर कहते हैं, 'उस वक्त हम उनसे मिलने को बेताब थे। हालांकि, मैं मैरी को लेकर थोड़ा चिंतित था, वह उस वक्त प्रेग्नेंट थीं। हम इसलिए भी मिलना चाहते थे, क्योंकि दोनों बच्चों के (उस वक्त रोहित की उम्र 5 वर्ष और नेंगनेहाट की उम्र 9 वर्ष थी) के माता-पिता का बीमारी की वजह से निधन हो गया था। हमने उन्हें अपने साथ लाने का फैसला किया।'

दोनों बच्चे अब भी मैरी कॉम की अकादमी, जो मणिपुर में है, में ट्रेनिंग लेते हैं। उनका पूरा खर्च मैरी कॉम और ओनलर ही देते हैं। ओनलर बताते हैं कि मैरी बिजी शेड्यूल के बावजूद समय निकालकर दोनों को ट्रेनिंग में हेल्प करती हैं। वे दोनों काफी प्रतिभावान हैं। आगे चलकर बड़े बॉक्सर बनेंगे। नेंगनेहाट फिलहाल सीनियर लेवल पर महिलाओं की 46 किग्रा वेट कटिगरी में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं। दूसरी ओर, रोहित पुरुषों के 57 किग्रा वेट कटिगरी में मणिपुर स्टेट चैंपियन हैं।

ओनलर बताते हैं कि ये दोनों ही मैरी कॉम से प्रेरित हैं। नेंगनेहाट ने मुझसे एक बारे कहा था कि मैं भारत की अगली मैरी कॉम बनना चाहती हूं। फिलहाल मैरी अगले वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में जुटी हुई हैं वहीं वह दोनों बॉक्सरों पर भी निगाह बनाए हुए हैं।