खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की शृंखला के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। इस दौरे पर भारतीय टीम को टेस्ट शृंखला भी खेलनी है। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में कई युवा खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर क्रिकेट के दिग्गजों को प्रभावित किया है।
पाकिस्तान ने किया ऑस्ट्रेलिया को केवल 145 रन पर ढेर
जिन खिलाडिय़ों ने इस शृंखला में शानदार प्रदर्शन कर दिग्गज खिलाडिय़ों का दिल जीता है उनमें मुम्बई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ, युवा विकेटकीर ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज उमेश यादव हैं।
भारत के पूर्व महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर इन तीनों ही खिलाडिय़ों के वेस्टइंडीज के खिलाफ किए गए प्रदर्शन से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने इन तीनों ही खिलाडिय़ों को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एडिलेड में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए भारत की अन्तिम एकादश में जगह देने की वकालत की है।
पृथ्वी शॉ ने अपने अन्तरराष्ट्रीय करियर की पहली ही सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता था। वह अपने डेब्यू मैच में ही शतक लगातकर दिग्गज खिलाडिय़ों की सूची में शामिल हुए थे।
वहीं उमेश यादव ने हैदराबाद में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में दस विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं पंत भी अपने बल्ले के दम पर दिग्गजों का दिल जीतने में सफल रहे हैं।
सुनील गावस्कर ने उमेश यादव के बारे में कहा कि किसी भी तेज गेंदबाज के एक मैच में दस विकेट लेना आसान काम नहीं हैं। वह उमेश यादव को एडिलेड टेस्ट की अन्तिम भारतीय एकादश में देखना चाहते हैं।