खेल डेस्क। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच 21 नवम्बर से एक दिवसीय सीरीज खेली जाएगी।
हर सीरीज में कोई न कोई उपलब्धि अपने नाम करने वाले विराट कोहली इस सीरीज में एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। पांच मैचों की इस सीरीज में विराट कोहली के पास दस हजार रन पूरे कर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड ध्वस्त करने का मौका होगा।
विराट कोहली के पास वनडे में दस हजार रन पूरे करने के लिए अब केवल 221 रनों की आवश्यकता है। अगर वह इस सीरीज में ये रन बना लेते हैं तो विराट वनडे में दस हजार रन पूरे करने वाले विश्व के 13वें बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके साथ ही वह सबसे कम पारियों में दस हजार रन बनाने के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड तो तोड़ देंगे।
भारत के महान खिलाड़ी सचिन सचिन तेंदुलकर ने 259 पारियों में अपने वनडे करियर के दस हजार रन पूरे किए थे। जबकि विराट कोहली ने अभी तक 211 मैचों में 203 पारियां खेली हैं।
भारत के सचिन तेंदुलकर (18,426), सौरव गांगुली (11,363), राहुल द्रविड़ (10,889) और महेंद्र सिंह धोनी (10,123) ही अभी तक एकदिवसीय क्रिकेट में दस हजार रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर सके हैं।
इस सीरीज के दौरान विराट कोहली के पास भारतीय धरती पर चार हजार रन पूरे करने का भी मौका होगा। वह 170 रन बनाने के साथ ही ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले सचिन तेंदुलकर और महेन्द्र सिंह धोनी के बाद तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।