Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

इस मामले में भारत के महान खिलाड़ियों से आगे हैं मयंक अग्रवाल

खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह बनाने वाले कर्नाटक के मयंक अग्रवाल के नाम घरेलू क्रिकेट में ऐसी उपलब्धि दर्ज है, जिसे भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड और विराट कोहली भी हासिल नहीं कर सके हैं।

लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे कर्नाटक के बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 2017-18 घरेलू सत्र में 2000 से ज्यादा रन बनाकर रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इससे पहले किसी भी क्रिकेटर ने घरेलू क्रिकेट के किसी एक सीजन में दो हजार रन नहीं बनाए थे।

मयंक ने इस सीजन में 2141 रन बनाए थे। इससे पहले भारत के घरेलू क्रिकेट के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड मुम्बई के श्रेयस अय्यर के नाम था। उन्होंने 2015-16 में 1947 रन बनाए थे।

मयंक अग्रवाल ने रणजी ट्रॉफी 2017-18 में सबसे ज्यादा 1160 रन बनाए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट के आठ मैचों की 13 पारियों में 105.45 की औसत से ये रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पांच शतक और दो अर्धशतक लगाए। उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ तिहरा शतक भी लगाया था।

इसके बाद इस सीजन की विजय हजारे ट्रॉफी में भी मंयक ने अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मैचों में 90.73 की औसत से 723 रन बनाए हैं। इसी दौरान उन्होंने एक सीजन में दो हजार रन बनाने की उपलब्धि अपने नाम की।भारतीय टीम में शामिल होने के लिए मयंक अग्रवाल को लम्बा इंतजार करना पड़ा है। आखिर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम दे ही दिया है।