Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारतीय टीम बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप के लिए हुई घोषित

नई दिल्ली । कनाडा के मार्कहम में पांच से 18 नवंबर के बीच होने वाली ली निंग बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप-2018 के लिए भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने शनिवार को 24 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में 13 लड़के और 11 लड़कियों को जगह दी गई है।

लड़कों की टीम की कमान जूनियर वल्र्ड नंबर-3 लक्ष्य सेन के हाथों में होगी जबकि लड़कियों का नेतृत्व जूनियर वल्र्ड नंबर-5 जक्का वैष्णवी रेड्डी करेंगी। ये दोनों इस समय यूथ ओलम्पिक में हिस्सा लेने के लिए ब्यूनर्स आयर्स में हैं।

बाकी के खिलाड़ियों का चयन रैंकिंग प्वाइंट्स के आधार पर हुआ है। इन खिलाड़ियों ने सितम्बर में चंडीगढ़ में खेले गए योनेक्स सनराइज बैडमिंटन टूर्नामेंट और पंचकूला में खेले गए योनेक्स सनराइज कृष्णा खेतान मेमोरियल टूर्नामेंट के माध्यम से हासिल किए हैं।

समिति ने दोनों आयोजनों से हासिल रैंकिंग अंकों को मिलाते हुए खिलाड़ियों का चयन किया है। लड़कों के वर्ग में किरन जॉर्ज ने कुल 700 अंक हासिल किए। केरल का यह खिलाड़ी और मध्यप्रदेश के अलाप मिश्रा के 700-700 अंक थे, लेकिन जब दोनों खिलाड़ियों के बीच भिडंत देखी गई तो जॉर्ज आगे निकल गए क्योंकि वह अलाप को हरा चुके हैं।

वहीं, लड़कियों में महाराष्ट्र की मालविका बांसोद ने दोनों आयोजनों को मिलाकर कुल 1000 अंक हासिल किए। चंडीगढ़ में सेमीफाइनल खेलने वाली और पंचकुला में उपविजेता रहने वाली पुलेला गायत्री गोपीचंद 775 अंकों के साथ मालविका के बाद दूसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, युगल और मिश्रित युगल में भी खिलाड़ियों ने दोनों आयोजनों के आधार पर मिले अंकों के तहत टीम में जगह बनाई। दोनों चरण के प्रत्येक विजेता को 500 (प्रत्येक खिलाड़ी) अंक जबकि उपविजेता को 425 अंक मिले। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 350, क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी को 275 और प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी को 192 अंक मिले।

पुरुष युगल में ध्रुव कपिला और जी. कृष्णा प्रसाद को 1000 अंक मिले। महिला युगल में साहिती बंदी और आर. तुनश्री 776 अंकों के साथ टीम में शामिल हुईं। मिश्रित युगल में टीम का भार कर्नाटक की साई कृष्णा साई कुमार और अश्विनी भट्ट पर होगा। दोनों ने मिलाकर 852 अंक अर्जित किए।

बीएआई ने जूनियर चैम्पियनशिप में चुने गए खिलाड़ियों के लिए पंचकूला में 16 से 31 अक्टूबर के बीच अभ्यास शिविर लगएगा। बीएआई ने चुने गए खिलाड़ियों के लिए इस शिविर में हिस्सा लेना अनिवार्य कर दिया है। खिलाड़ियों को 16 अक्टूबर को शिविर में रिपोर्ट करना है।

चयन समिति ने कुछ रिजर्व खिलाड़ी भी चुने हैं जो जरूरत पड़ने पर किसी खिलाड़ी या जोड़ी का स्थान लेंगे।

टीम :

लड़के : लक्ष्य सेन (एएआई), किरन जॉर्ज (केरल), अलाप मिश्रा (एमपी), प्रियांशू राजवत (एमपी), ध्रूव कपिला (पंजाब), जी कृष्णा प्रसाद (आंध्र प्रदेश), के. मनजीत सिंह (मणिपुर), के.डिंगकु सिंह (मणिपुर), साई कृष्ण साई कुमार (कर्नाटक), साई कृष्ण साई कुमार पॉडाइल (तेलंगाना), पी. विष्णुवर्धन गौड (तेलंगाना), नवनीत बोक्का (तेलंगाना), अक्षन शेट्टी (महाराष्ट्र)।

लड़कियां : जक्का वैष्णवी रेड्डी (तेलंगाना), मालविक बांसोद (एएआई), पी. गायत्री गोपीचंद (तेलंगाना), पूरवे भावे (एआई), साहिती बंदी (तेलंगाना), आर.तनुश्री (तमिलनाडु) अदिति भट्ट (उत्तराखंड), तनिषा क्रेस्टो( गोवा), के.अश्विनी भट्ट (कर्नाटक), श्रृति जुपाद्दी (तेलंगाना), राशी लाम्बे (महाराष्ट्र)।

The post भारतीय टीम बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप के लिए हुई घोषित appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.