भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच राजकोट में खेला जा रहा है. टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की ओर से डेब्यू करने वाले पृथ्वी शॉ ने 56 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी. सबसे कम उम्र में पहला टेस्ट अर्धशतक बनाने वाले पृथ्वी शॉ तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं.
सचिन तेंदुलकर ने सबसे कम उम्र में लगाया था पहला टेस्ट अर्धशतक
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 16 वर्ष 214 दिन की उम्र में अपना पहला टेस्ट अर्धशतक 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में लगाया था. इस मामले में दूसरे बल्लेबाज पार्थिव पटेल हैं. पार्थिव ने 18 वर्ष 301 दिन की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2004 में एससीजी मैदान पर अपनी पहली टेस्ट फिफ्टी जड़ी थी.

वहीं सबसे कम उम्र में टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले पृथ्वी शॉ तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं. पृथ्वी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट मैदान पर 18 वर्ष 329 दिन की उम्र में अपने डेब्यू मैच में ही अर्धशतक लगाया.
इसके अलावा मौजूदा भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने 19 साल 215 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ 1981 में दिल्ली के क्रिकेट ग्राउंड पर अपना पहला टेस्ट अर्धशतक लगाया था. पांचवे बल्लेबाज दिनेश कार्तिक हैं. कार्तिक ने 19 वर्ष 291 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ कोलकाता में 2005 में पहली टेस्ट फिफ्टी लगाई थी.
राजकोट टेस्ट में तीन खिलाड़ियों ने किया डेब्यू
राजकोट टेस्ट में तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है. भारतीय टीम की ओर से जहां पृथ्वी ने डेब्यू किया है तो वहीं, वेस्टइंडीज के लिए दो खिलाड़ी सुनील अम्बीरस और शेरमन लुइस ने टेस्ट में डेब्यू किया है.

18 साल के शॉ भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 293वें खिलाड़ी हैं. उन्होंने कम उम्र में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाई. इससे पहले वह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के अंतिम दो मैचों के लिए भी टीम में चुने गए थे. मगर उस दौरान उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला था.
The post पृथ्वी शॉ के अलावा ये भारतीय बल्लेबाज भी लगा चुके हैं कम उम्र में पहला टेस्ट अर्धशतक, जाने कौन हैं पहला appeared first on SportzWiki Hindi.