यूएई में खेले गए एशिया कप में एमएस धोनी ने अपनी शानदार विकेटकीपिंग से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. धोनी ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल 12 शिकार विकेट के पीछे किए. इसके साथ ही उन्होंने विकेट के पीछे 800 बल्लेबाजों को शिकार करने का रिकॉर्ड बनाया.
मगर बल्ले से एमएस धोनी एशिया कप में रन नहीं बना सके. मुख्यचयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा है कि धोनी को बल्ले से रन भी बनाने होंगे.
क्या कहा एमएसके प्रसाद ने ?

भारतीय टीम के मुख्यचयनकर्ता एमएसके प्रसाद भारतीय टीम के एशिया कप में चैंपियन बनने से खुश हैं. हालांकि वे टीम की मध्यक्रम बल्लेबाजी को लेकर चिंतित हैं.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में लिखे अपने कॉलम में एमएसके प्रसाद ने लिखा कि ”यूएई में दो हफ्ते तक चले एशिया कप में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की अगुवाई में खिताबी जीत हासिल की. अगले साल होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इस जीत के काफी मायने हैं. इसके अलावा हमारे मध्यक्रम के लिए भी ये एक रियलिटी चेक था, जिसमें अभी भी कई खामियां हैं.”
प्रसाद ने आगे लिखा ”ऋषभ पंत अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन धोनी की विकेटकीपिंग का कोई जवाब नहीं है. धोनी ने विकेटकीपिंग तो जबरदस्त की, लेकिन बल्ले से उनको रन बनाने की जरुरत है.”
एमएसके प्रसाद ने भारतीय टीम की गेंदबाजी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा ”विकेट पर कुछ भी मदद नहीं थी, इसके बावजूद जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार ने जबरदस्त गेंदबाजी की.”

उन्होंने रोहित शर्मा की कप्तानी की भी तारीफ की और कहा कि रोहित ने शानदार रणनीति बनाई. रोहित और शिखर धवन की सलामी जोड़ी को भी बेहतरीन बताया.
फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश ने भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी थी. इसके लिए उन्होंने कहा कि भले ही बांग्लादेश फाइनल में हार गयी हो लेकिन अपने जुझारूपन से उन्होंने सबका दिल जीत लिया.
The post वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम से बाहर होंगे महेंद्र सिंह धोनी, मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कही ये बात appeared first on SportzWiki Hindi.