खेल डेस्क। विश्व के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में से एक वीरेन्द्र सहवाग के नाम क्रिकेट में कई रिकॉर्ड दर्ज हैं जिन्हेें किसी भी बल्लेबाज के लिए तोड़ पाना आसान काम नहीं होगा।भारत का ये पूर्व सलामी बल्लेबाज आज 39 साल को हो गया है। वीरेन्द्र सहवाग का जन्म आज ही के दिन यानी 20 अक्टूबर, 1978 को दिल्ली में हुआ था।
एक ऑलराउंडर के रूप में अपना क्रिकेट करियर शुरू करने वाले सहवाग ने भारतीय टीम की ओर से अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की है। उन्होंने प्रथम श्रेणी और टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाकर कर धमाकेदार अंजाज में आगाज किया है।
अपने मजेदार ट्वीट के माध्यम से हमेशा से सुर्खियों में रहने वाले सहवाग भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज है। सहवाग ने मुल्तान में वर्ष 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला तिहरा शतक लगाया था। इस मैच में उन्होंने 309 रनों की पारी खेल मुल्तान के सुल्तान की उपाधि हासिल की।
इस पारी में सहवाग ने छक्का लगाकर अपना तिहरा शतक पूरा किया था। इसके बाद उन्होंने 2008 में चेन्नई में अफ्रीका के खिलाफ 319 रन खेली थी। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए थे। क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (375 और 400), ऑस्ट्रेलिया के सर डॉन ब्रैडमैन (334 और 304) और क्रिस गेल (333 और 317) ही दो तिहरे शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं।
सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट के साथ ही वनडे क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की है। वह एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक कर सचिन के बाद ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने थे। सहवाग ने 104 टेस्ट मैचों की 180 पारियों में 8586 और 251 वनडे की 245 पारियों में 8273 रन बनाए हैं।