स्पोर्ट्स डेस्क। अंडर-19 टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल के शानदार शतक की मदद से भारत सी ने दिल्ली के फिरोज़शाह कोटला मैदान पर खेले गए देवधर ट्रॉफी के महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ए को छह विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह बना ली जहां शनिवार 27 सितम्बर को उसका सामना भारत बी से होगा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए को अभिमन्यु ईश्वरन और अनमोलप्रीत सिंह से शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े। भारत ए ने अभिमन्यु के 69, अनमोलप्रीत सिंह के 59 और नितीश राणा के 68 रनों की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 293 रन का स्कोर खड़ा किया। चोट की वजह से सीनियर टीम से बाहर चल रहे केदार जाधव ने अंतिम ओवरों में तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 41 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत सी की शुरुआत ख़राब रही और कप्तान अजिंक्या रहाणे 24 रन के स्कोर पर आउट हो गये। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शुभमन गिल ने 111 गेंदो में 106 रन की पारी खेली और ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। ईशान ने 69 और यादव ने नाबाद 56 रन की पारी खेली। सुरेश रैना सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए।
इस जीत के बाद अब भारत सी का मुकाबला शनिवार को होने वाले फाइनल में भारत बी से होगा जो कि पहले ही अपने दोनों मैच जीतकर फाइनल में पहुँच चुकी है। भारत बी की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे है। इस टूर्नामेंट के जरिये सीनियर टीम से बाहर चल रहे कई खिलाडी टीम में फिर से जगह बनाने की कोशिश कर रहे है।
Herald