खेल डेस्क। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर नहीं है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन एक दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। इस कारण उन्हें गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज हेडन क्वींसलैंड के स्ट्रैडब्रोक द्वीप पर अपने बेटे के साथ सर्फिंग के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए। इस कारण उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया जबकि मांसपेशियों में भी गंभीर चोटेें आई हैं।
इस बात की जानकारी इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर दी है। इसमें उन्होंने अपनी कुछ फोटोज पोस्ट की हैं, जिसमें उनके सिर पर चोटें दिखाई देती है। वहीं गर्दन में भी चोटें आई हैं इस कारण उन्होंने नेक ब्रेस पहना हुआ है।
अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उन्होंने उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों को भी धन्यवाद दिया है। इन्होंने एमआरआई, सीटी स्कैन करके उनकी चोट का जल्द पता लगाया।
हेडन ने अपनी दुर्घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जब वह अपने बेटे के साथ सर्फिंग कर रहे थे तो बहुत तेज आती समुद्र की लहरों ने हमें अपनी चपेट में ले लिया। इस कारण मैं पानी के अंदर चला गया। इस दौरान मेरा सिर तलहटी में रेत पर तेजी से जा टकराया और फिर मैं काफी घूम गया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं हुआ है जब वह समुद्र में दुर्घटना का शिकार हुए हैं। इससे पहले वर्ष 2000 में मैथ्यू हेडन की नाव पानी में डूब गई थी।मैथ्यू हेडन की गिनती ऑस्ट्रेलिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में होती है। उन्हें कंगारू टीम की ओर से 273 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15000 से अधिक रन है।