सिडनी
फर्राटा किंग उसैन बोल्ट ने माल्टा के चैंपियन वालेटा के लिए फुटबॉल खेलने की पेशकश ठुकरा दी है और वह पेशेवर फुटबॉलर बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे। आठ बार के ओलिंपिक चैंपियन बोल्ट ने ए लीग क्लब सेंट्रल कोस्ट मारिनर्स के लिए ट्रायल दिया था।
बोल्ट के एजेंट रिकी सिम्स ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बोल्ट ने सत्र से पहले दोस्ताना मैच में दो गोल भी किए लेकिन अभी तक करार नहीं किया है।
सिम्स ने कहा कि माल्टा की प्रीमियर लीग फुटबॉल टीम की पेशकश को बोल्ट ने ठुकरा दिया है। उन्होंने साथ ही बताया कि बोल्ट को इस तरह की पेशकश मिलती रहती हैं। वहीं, वालेटा के सीईओ स्लिमेन ने कहा कि क्लब का बोल्ट को ऑफर अब भी है।