खेल डेस्क। युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (नाबाद 121) टेस्ट क्रिकेट में अपने पदार्पण मैच ही शतक लगाकर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली जैसे दिग्गज खिलाडिय़ों की सूची में शामिल हो गए हैं।
मुम्बई के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन समाचार लिखे जाने तक दो विकेट पर 214 रन बना लिए।
शॉ ने पहले ही मैच में धमाका करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 99 गेदों पर शतक लगाया। अपनी इस पारी वह 137 गेंदों का सामने करते हुए अभी तक 17 चौके लगा चुके हैं।
इसके साथ ही वह पदार्पण टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के सबसे युवा बल्लेबाज बन गई है। इसके अलावा पृथ्वी शॉ पर्दापण मैच में सबसे तेज शतक जडऩे के मामले में शिखर धवन और वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ के बाद तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
इस दौरान उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (86) के साथ दूसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल खाता खोले बिना ही पहले ही ओवर में आउट हो गए।
टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 293वें क्रिकेटर बने शॉ इससे पहले अपने डेब्यू मैच में ही अर्धशतकीय पारी लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। मैच शुरू होने से पहले ही वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा, जब उनके नियमित कप्तान जैसन होल्डर चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए। उनके स्थान पर क्रेग ब्रैथवेट टॉस के लिए मैदान पर उतरे।