स्पोर्ट्स डेस्क।इंटरनेशनल क्रिकेट कॉउंसिल (आईसीसी) ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कोच स्टुअर्ट लॉ को भारत के खिलाफ पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों के लिए निलंबित कर दिया है। आईसीसी ने लॉ पर यह बैन हाल ही में हैदराबाद में राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज के आउट होने पर टीवी अंपायर और ऑफिशियल्स पर टिपण्णी करने की वजह से लगाया है। इस वजह से उन्हें तीन डिमेरिट पॉइंट मिले हैं और उन पर 100% मैच फीस का जुर्माना भी लगाया गया है।
इंडीज क्रिकेट टीम के कोच लॉ दूसरे टेस्ट मैच में ओपनर केरोन पोलार्ड को आउट देने के तीसरे अंपायर के फैसले से निराश थे। पोलार्ड रविचंद्रन आश्विन की गेंद पर फर्स्ट स्लिप में लपके गए थे जिसे काफी समय लेने के बाद थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया था। इस निर्णय के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी स्टुअर्ट लॉ ने टीवी अंपायर के कमरे और फिर फोर्थ अंपायर के क्षेत्र में जाकर अनुचित टिप्पणी कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।
बता दें कि लॉ ने विंडीज कोच के रूप में पहले ही अपना इस्तीफा दे दिया है क्योंकि वे दिसंबर में मिडिलसेक्स में जा रहे है। लॉ को इस से पहले 2017 से पाकिस्तान के खिलाफ इसी तरह के व्यवहार के लिए मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया था और उस समय उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट मिला था। इसी तरह की गतिविधि में के बार फिर लिप्त होने से इस बार आईसीसी ने उन पर 2 मैचों का बैन लगा दिया है।
गौरतलब है कि हाल ही में सम्पन्न हुई टेस्ट सीरीज भारतीय टीम ने 2-0 से अपने नाम की है और अब दोनों टीमें रविवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज में आमने सामने होगी। पहला वनडे मैच रविवार 21 अक्टूबर को गुवाहाटी और दूसरा वनडे मैच 24 अक्टूबर को विशाखापट्नम में खेला जाएगा।
Herald