स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और वेस्ट इंडीज के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज का तीसरा मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और टीम के गेंदबाजों ने उनके इस फैसले को सही साबित करते हुए 25 ओवरों तक इंडीज की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया।
वेस्टइंडीज का पहला विकेट 25 रन के स्कोर पर गिरा जब टीम में वापसी करने वाले जसप्रीत बुमराह ने चंद्रपॉल हेमराज को धोनी के हाथों कैच करवाया। दूसरा विकेट भी बुमराह के नाम रहा जिन्होंने केरोन पॉवेल को रोहित के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद खलील अहमद ने मार्लोन सैमुएल्स को आउट कर वेस्टइंडीज को तीसरा झटका दिया।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने शिमरॉन हेटमायर और रोवमान पॉवेल को आउट कर वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया। खबर लिखे जाने तक वेस्टइंडीज ने 28.3 ओवर में 5 विकेट पर 138 रन बना लिए है औरशाई हॉप 43 रन और कप्तान जैसन होल्डर 6रन बनाकर क्रीज़ पर थे। बता दें कि सीरीज का पहला मैच भारत ने 8 विकेट से जीता था वहीं विशाखापत्तनम में खेला गया दूसरा मैच टाई रहा था।
भारत ने इस मैच में टीम में तीन महत्वपूर्ण बदलाव किये और उमेश यादव, रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी के स्थान पर जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और खलील अहमद को शामिल किया गया। भारत सीरीज में पहले ही 1-0 से आगे चल रहा है और इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाना चाहेगा वहीं इंडीज़ यह मैच जीतकर सीरीज में बराबर आना चाहेगी।
Herald