Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Ind vs WI : भारतीय टीम के इस खिलाड़ी को आईसीसी ने लगाई कड़ी फटकार

स्पोर्ट्स डेस्क। सोमवार को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत और वेस्ट इंडीज के बीच खेला गया वनडे मैच भारत ने 224 रन के विशाल अंतर से जीता। भारतीय टीम ने इस मैच में वेस्ट इंडीज की टीम को हर विभाग में मात दी और मैच जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल की। हालाँकि इस मैच के बाद भारतीय टीम में शामिल राजस्थान के बांये हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को आईसीसी ने कड़ी फटकार लगाई।

बता दें कि इस मैच में खलील ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 13 रन देकर इंडीज के तीन प्रमुख खिलाडियों को आउट किया। वेस्टइंडीज पारी के 14वें ओवर के दौरान खलील इंडीज के मार्लोन सैमुअल्स को आउट करने के बाद उनकी तरफ आक्रामक तरीके से मुड़े। इस हरकत के लिए खलील को कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया।

इसके बाद उस समय मैदान पर मौजूद अंपायर इयान गोल्ड और अनिल चौधरी ने खलील को आधिकारिक तौर पर चेतावनी दी और उन्हें 1 डिमेरिट अंक दिया गया। हालाँकि खलील अहमद ने मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली है जिसके बाद आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं हुई।

बता दें कि पांच मैचों की एक सीरीज का आखिरी मैच गुरुवार 1 नवम्बर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज का पहला और चौथा मैच जीतकर सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है वहीं दूसरा मैच टाई और तीसरा मैच वेस्टइंडीज ने जीता था। इस सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए आमने सामने होगी जो कि 4 नवम्बर से शुरू होगी।



Herald