स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज का दूसरा मैच टाई रहा। विशाखापट्नम के डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलते हुए भारत ने कप्तान विराट कोहली के शतक और अम्बाती रायुडू के अर्धशतक की मदद से 50 ओवर में 321 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
विराट कोहली ने अपनी शतकीय पारी में 129 गेंदों का सामना किया और 13 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 157 रन की शानदार पारी खेली। यह विराट कोहली का एकदिवसीय मैचों में 37वां शतक है। इस शतकीय पारी के दौरान 81वां रन बनाते ही विराट ने एकदिवसीय क्रिकेट में अपने 10 हजार रन भी पूरे कर लिए। अम्बाती रायुडू ने 80 गेंदों पर 73 रन की पारी में 8 चौके लगाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के लिए हेटमायर और शाई हॉप ने चौथे विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की और एक समय वेस्टइंडीज की टीम आसान जीत की ओर बढ़ रही थी। अंतिम ओवर में इंडीज को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे लेकिन शाई हॉप उमेश यादव के इस ओवर में 13 रन ही बना सके और मैच टाई हो गया। भारत गुवाहाटी में खेला गया पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। सीरीज का तीसरा मैच 27 अक्टूबर को पुणे में खेला जाएगा।
Herald