भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भारत ने 9 विकेट खोकर 649 रनों पर पारी घोषित की. रविंद्र जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया. जडेजा 100 रन और मोहम्मद शमी 2 रन बनाकर नाबाद लौटे.
तीन शतक लगे पहली पारी में
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के सामने एक पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया है. इस पारी में भारत की ओर से कुल तीन शतक लगे हैं. पहला शतक मैच के पहले दिन डेब्यू करने वाले पृथ्वी शॉ ने लगाया. शॉ 134 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद दूसरे दिन कप्तान विराट कोहली के बल्ले से भी 139 रनों की शानदार शतकीय पारी निकली.

विस्फोटक अंदाज़ में बल्लेबाजी ‘करने वाले रिषभ पंत 92 रन बनाकर शतक से चूंक गए. पहले दिन चेतेश्वर पुजारा ने भी 86 रनों की एक अहम पारी खेली. वहीं उप कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 41 रन बनाए.
मैच के पहले दिन गुरुवार को भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. ओपनर केएल राहुल बिना कोई रन बनाए ही आउट हो गए. मगर इसके बाद युवा पृथ्वी शॉ और पुजारा के बीच 206 रनों की एक मजबूत साझेदारी ने बड़े स्कोर की नींव रख दी थी.
इसके बाद विराट कोहली और रहाणे के बीच 105 रनों की साझेदारी हुई. वहीं मैच की दूसरी बड़ी साझेदारी कोहली और पंत के बीच से आयी. इन दोनों बल्लेबाजों ने 133 रनों की पार्टनरशिप की.

रविंद्र जडेजा ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कर अपना शतक जमाया और टीम के स्कोर को शिखर तक पहुंचाया. जडेजा का शतक होते ही कप्तान विराट कोहली ने पारी घोषित करने का इशारा किया.
गेंदबाजी में देवेन्द्र बिशू सबसे ज्यादा 4 विकेट लेने वाले सफल गेंदबाज रहे. शेरमन लेविस ने दो विकेट लिए. वहीं शेनन गेब्रियल को एक विकेट मिला. जबकि रोस्टन चेस और कप्तान ब्रेथवेट ने एक-एक विकेट लिया.
The post INDvsWI: रविंद्र जडेजा के शतक के बाद 649 रनों पर भारतीय टीम ने घोषित की पारी appeared first on SportzWiki Hindi.