भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच राजकोट में खेला जा रहा है. भारतीय टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया. लंच ब्रेक तक भारत ने पृथ्वी शॉ(75) और चेतेश्वर पुजारा(56) की अर्धशशतकीय पारियों की बदौलत एक विकेट खोकर 133 रन बनाए.
ख़राब शुरुआत के बाद बनाई पकड़

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को पहला झटका सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के रूप में लगा. राहुल चार गेंदें खेलकर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. उन्हें वेस्टइंडीज की गेंदबाजी की कमान संभाले वाले शैनन गैब्रियल ने आउट किया. राहुल पहले ओवर की छठी गेंद को क्रीज पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और एलबीडब्ल्यू हो गए.
भारत ने 50 रन पूरे करने के बाद तेज गति से 100 के स्कोर को पार किया. चेतेश्वर पुजारा और पृथ्वी शॉ दोनों ही शानदार लय में बल्लेबाजी करते हुए नज़र आ रहे हैं.
पृथ्वी शॉ का डेब्यू में अर्धशतक
सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 56 गेंदों में 50 रन पूरे किए. इस दौरान पृथ्वी के बल्ले से 7 बेहतरीन चौके निकले. मुंबई के युवा बल्लेबाज शॉ शुरू से ही क्रीज पर बहुत सहज दिखाई दिए और उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की.

पृथ्वी शॉ सबसे कम उम्र में पहला टेस्ट अर्धशतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने हैं. पृथ्वी ने 18 वर्ष 329 दिन की उम्र में अपने डेब्यू मैच में ही अर्धशतक लगाया. इस मामले में नंबर एक पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं. सचिन ने 16 वर्ष 214 दिन की उम्र में अपना पहला टेस्ट अर्धशतक 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में लगाया था.
राजकोट टेस्ट में तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है. भारतीय टीम की ओर से जहां पृथ्वी शॉ ने डेब्यू किया है तो वहीं, वेस्टइंडीज के लिए दो खिलाड़ी सुनील अम्बीरस और शेरमन लुइस ने टेस्ट में डेब्यू किया है.
The post INDvsWI : डेब्यू मैच में पृथ्वी शॉ ने जड़ा अर्धशतक, लंच तक भारतीय टीम मजबूत स्थिति में appeared first on SportzWiki Hindi.