Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ओलिंपिक चैंपियन बाइल्स ने ‘#MeToo’ के तहत बयां की यौन उत्पीड़न की कहानी

वॉशिंगटन
दुनिया भर में चल रहे ‘मी टू’ अभियान (यौन उत्पीड़न के खिलाफ अभियान) की शुरुआत होने के बाद अब खेल जगत भी इसकी चपेट में आ गया है। अमेरिका की महिला जिमनैस्टिक सिमोन बाइल्स ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न की कहानी बयां की है। चार बार की ओलिंपिक चैंपियन बाइल्स ने कहा है कि वह भी जिमनैस्टिक टीम के डॉक्टर लैरी नासर द्वारा यौन उत्पीड़न का शिकार हुई थी और अब इसके बारे में बात करने से उन्हें राहत और मजबूती मिलती है।

रिपोर्ट के अनुसार, बाइल्स उन 160 महिलाओं में शामिल हैं, जिनका कि नासर ने यौन उत्पीड़न किया था। नासर को इस वर्ष जनवरी में 175 साल तक की सजा हुई थी। 21 वर्षीय बाइल्स ने कहा, ‘यह बहुत मुश्किल था, लेकिन मुझे लगा कि अगर मैं अपनी कहानी बता सकती हूं तो इससे अन्य लोग भी अपनी-अपनी कहानी को बताने के लिए प्रोत्साहित होंगे।’

वर्ष 2016 में रियो ओलिंपिक में 4 स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुकीं बाइल्स ने कहा, ‘मैं उन कई पीड़ितों में से एक हूं जिनका नासर ने यौन शोषण किया। मैं हाल के दिनों में टूट-सी गई हूं। मैं जितना अपनी आवाज दबाने की कोशिश करती हूं उतना मेरा दिमाग चीखने को कहता है। मैं अब अपनी कहानी कहने से डरूंगी नहीं।’