लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्कः प्रो कबड्डी लीग की मौजूदा चैम्पियन Patna Pirates ने अपने घरेलू मैदान पाटलिपुत्र स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में शाही जीत के साथ अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया. खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों के जोरदार समर्थन के बीच मेजबान पटना की टीम ने जयपुर Pink Panthers को 41-30 से हरा दिया. इसके साथ ही पायरेट्स ने सीजन-4 में घरेलू मैदान पर हुए एकमात्र मुकाबले में जयपुर की टीम से मिली हार का बदला भी ले लिया.
कप्तान प्रदीप नरवाल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत की नींव रखते हुए 11 रेड अंक जुटाए. मंजीत ने भी उनका साथ देते हुए 10 अंक बनाये. जयदीप और विकास काले ने मिलकर 10 टैकल अंक के साथ टीम की स्थिति को मजबूत किया. नरवाल ने इस ‘सुपर 10’ के साथ पीकेएल के इतिहास में सबसे ज्यादा सुपर 10 करने वाले बन गये. पिंक पैंथर्स के अनुप कुमार ने भी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करते हुए 500 रेड अंक पूरे किये.
गुजरात ने थलाइवाज को 36-25 से हराया
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक अन्य मुकाबले में गुजरात फॉच्यूर्नजाएंट्स ने तमिल थलाइवाज को 36-25 से हरा दिया. पिछले सीजन की उपविजेता गुजरात की चार मैचों में यह दूसरी जीत है. टीम ने छठे सीजन के चार मैचों में अब तक एक हार झेली है जबकि दो जीत के अलावा एक मैच टाई रहा है. वहीं, थलाइवाज को आठ मैचों में छठी शिकस्त झेलनी पड़ी है. थलाइवाज ने इस सीजन में अपना पहला मैच जीता था, लेकिन इसके बाद उसे लगातार पांच मैचों में मात मिली थी.
क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा ने देखा कबड्डी का दम. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा ने प्रो कबड्डी लीग में पटना पायरेट्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच मुकाबला देखा. प्रज्ञान पिछले दिनों रणजी ट्रॉफी में बिहार क्रिकेट टीम के कप्तान रहे थे.
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के मैदान पर आते ही दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. मोदी-मोदी के नारों से पूरा स्टेडियम गूंजने लगा. मोदी ने दर्शकों का अभिवादन किया और कहा कि पटना में कबड्डी देखने का मजा ही अलग है.
The post Pro Kabaddi League : Patna Pirates का जबरदस्त आगाज, Pink Panthers को 41-30 से हराया appeared first on Live Cities.