Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

यासिर शाह ने रचा दिया इतिहास, अनिल कुंबले के बाद 1 दिन में 10 विकेट लेने वाले बने दूसरे गेंदबाज

पाकिस्तान के यासिर शाह ने अनिल कुंबले के एक दिन में 10 विकेट लेने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को यह कारनामा किया. दिलचस्प तथ्य यह है कि यासिर शाह भी अनिल कुंबले की ही तरह लेग स्पिनर हैं. कुंबले ने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में 10 विकेट लिए थे.

न्यूज़ीलैण्ड ने बनाए दो विकेट 131 रन 

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है. इस मैच में पाकिस्तान ने पांच विकेट पर 418 रन बनाकर पहली पारी घोषित की. न्यूजीलैंड ने इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट गंवाए 24 रन बना लिए थे. उसने तीसरे दिन इस स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और महज 90 रन पर आउट हो गई.

पाकिस्तान ने उसे फॉलोऑन के लिए बुलाया. इसके बाद न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 131 रन बना लिए हैं.

यासिर शाह के नाम रहा दिन 

मैच का तीसरा दिन लेग स्पिनर यासिर शाह के नाम रहा. उन्होंने न्यूजीलैंड की पहली पारी में आठ विकेट झटके. 32 साल के यासिर ने पहली पारी में 12.3 ओवर की गेंदबाजी की और एक मेडन रखते हुए 41 रन खर्च किए. यासिर यहीं नहीं रुके और जब न्यूजीलैंड की टीम फॉलोऑन खेलने उतरी तो उन्होंने दो विकेट और झटक लिए. इस तरह उन्होंने एक ही दिन में 10 विकेट लेने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया.

कुंबले ने रचा दिया था इतिहास 

यासिर शाह ने अनिल कुंबले के एक दिन में 10 विकेट लेने के रिकॉर्ड की भले ही बराबरी कर ली हो. लेकिन वे अनिल कुंबले के एक पारी में 10 विकेट लेने के दुर्लभ रिकॉर्ड से काफी दूर रह गए. 141 साल के टेस्ट इतिहास में सिर्फ दो गेंदबाज ही एक पारी में 10 विकेट ले सके हैं.

यह कारनामा सबसे पहले 1956 में इंग्लैंड के जिम लेकर ने किया था. इसके बाद अनिल कुंबले ने जिम लेकर का कारनामा दोहराया. इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले इंग्लैंड के सिडनी बर्नेस ने एक ही दिन में 10 विकेट झटके थे. यह मैच 1902 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था. मेलबर्न में खेले गए इस टेस्ट मैच के पहले दिन 25 विकेट गिरे थे.

The post यासिर शाह ने रचा दिया इतिहास, अनिल कुंबले के बाद 1 दिन में 10 विकेट लेने वाले बने दूसरे गेंदबाज appeared first on SportzWiki Hindi.