Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

चेल्सी के दिग्गज फुटबॉलर द्रोग्बा आएंगे भारत दौरे पर 

नयी दिल्ली
पांच बार के इंग्लिश प्रीमियर लीग विजेता और मौजूदा एफए कप चैम्पियन चेल्सी एफसी के आधिकारिक पार्टनर योकोहामा ने चेल्सी के महान फुटबाल खिलाड़ी दिदिएर द्रोग्बा के 23 नवम्बर को दिल्ली-एनसीआर आने की घोषणा की है। चेल्सी के दिग्गज और योकोहामा के एम्बेसेडर द्रोग्बा गुरुग्राम स्थित एक माल में अपने प्रशंसकों के साथ एक खास इवेंट में शिरकत करेंगे। द्रोग्बा का नाम विश्व फुटबाल में काफी सम्मान के साथ लिया जाता है। सिर्फ चेल्सी ही नहीं बल्कि दुनिया भर के फुटबाल प्रेमी इनके कायल रहे हैं। द्रोग्बा ने अपने पेशेवर फुटबाल करियर में चेल्सी के लिए कुल 12 क्लब ट्राफियां जीतीं हैं। वह 2004 से 2012 तक और फिर 2014 से 2015 तक इस क्लब के लिए खेले हैं। द्रोग्बा ने चेल्सी के लिए 100 से अधिक प्रीमियर लीग गोल किए हैं। इस टीम के साथ खेलते हुए द्रोग्बा ने चार बार प्रीमियर लीग खिताब जीता है। साथ ही उनके रहते क्लब ने 2012 में चैम्पियंस लीग खिताब भी जीता था।

23 नवम्बर को द्रोग्बा अपने प्रशंसकों के साथ खास सवाल-जवाब दौर में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह योकोहामा टायर चैलेंज में भी शिरकत करेंगे और इस दौरान प्रतिभागियों की फुटबाल कला का जायजा लेंगे। इसके बाद फुटबाल प्रेमियो को निक फ्रीस्टाइलर का शानदार फुटबाल फ्रीस्टाइल शो देखने को मिलेगा। द्रोग्बा ने भारत दौरे को लेकर कहा कि मैं चेल्सी और उनके पार्टनर योकोहामा के साथ दिल्ली दौरे को लेकर काफी उत्साहित हूं। मैं दिल्ली में जितना अधिक हो सके, चेल्सी प्रशंसकों से मिलने का प्रयास करूंगा।