Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एमसीजी में सीरीज़ बचाने उतरेगा भारत

मेलबोर्न
विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम आस्ट्रेलिया दौरे में विजयी शुरुआत करने से चूक गयी लेकिन उसका सारा ध्यान अब मेलबोर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शुक्रवार को होने वाले दूसरे ट्वंटी 20 पर लग गया है जहां जीत दर्ज कर उसका एकमात्र लक्ष्य सीरीज़ बचाना है। भारत को गाबा में पहले मैच में डीएलवाई प्रणाली से 4 रन से हार मिली थी जिससे वह तीन मैचों की सीरीज़ में 1-0 से पीछे हो गयी है। आस्ट्रेलिया दौरे से पूर्व लगातार छह ट्वंटी 20 सीरीज़ जीतने वाली भारतीय टीम शुरूआत से जीत की दावेदार थी लेकिन ब्रिसबेन से पूर्व अपने पिछले चार मैच लगातार हारने वाली आस्ट्रेलिया ने उसे उलटफेर का शिकार बना दिया। हालांकि अब दोनों टीमों के लिये एमसीजी में दूसरा मैच अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। भारत के लिये यह करो या मरो का मैच है तो आस्ट्रेलिया के पास इसे जीत 2-0 से सीरीज़ कब्जाने का सुनहरा मौका है। कप्तान ने पिछले मैच में हार के बाद हालांकि खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं बताई लेकिन बल्लेबाज़ शिखर धवन ने माना कि उनकी टीम ने अच्छे मौके गंवाये। 

भारतीय टीम एक समय जीत के करीब थी लेकिन उसके अनुभवी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा, लोकेश राहुल और खुद विराट भी जरूरत के समय सस्ते में आउट हो गये। धवन अकेले बल्लेबाज़ थे जिन्होंने 76 रन की अर्धशतकीय पारी खेल टीम को मैच में बनाये रखा। भारतीय गेंदबाजी में मध्यम तेज़ गेंदबाज़ खलील अहमद ने महंगी गेंदबाजी की और रन लुटाये। खलील ने मात्र तीन ओवर में 14 के निराशाजनक इकोनोमी रेट से 42 रन दिये जबकि क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 55 रन  लुटाये जिसने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों का हाथ खोल दिया। निचले क्रम पर क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाये और इसने बाद में भारत के लिये वर्षा प्रभावित मैच में बड़ा फर्क पैदा कर दिया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के बल्लेबाज़ों में धवन को छोड़कर बाकी खिलाड़ियों ने निराश किया। धवन को दूसरे छोर से कोई साझेदारी नहीं मिल सकी जबकि एडम जम्पा ने निचले क्रम की रन गति रोक सही समय पर प्रहार किया। आखिरी समय में दिनेश कार्तिक ने रन जुटाने की अच्छी कोशिश की लेकिन इसमें काफी देरी हो गयी। आस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों जेसन बेहरेनड्रॉफ और बिली स्टेनलेक ने अतिरिक्त बाउंस से भारतीय बल्लेबाज़ों को परेशान किया और उन्हें देर तक मैदान पर टिकने नहीं दिया। हालांकि देश और विदेश में पिछली ट्वंटी 20 सीरीज़ में अच्छा प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम को कमतर नहीं आंका जा सकता है और उम्मीद है कि एमसीजी में वह वापसी कर पाएगी।