Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईएसएल: गोवा को हरा बेंगलुरु ने दर्ज की सत्र की पांचवी जीत

फातोर्दा (गोवा)
राहुल भेके और कप्तान सुनील छेत्री के गोल की मदद से बेंगलुरू एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सत्र में अपना अजेय क्रम बरकरार रखते हुए गुरुवार को यहां एफसी गोवा को 2-1 से हराया। गोवा के लिए सत्र में यह दूसरी हार है जिसके बाद टीम आठ मैचों से 16 अंक के साथ तालिका में पहले स्थान पर काबिज है। बेंगलुरु की यह पांचवीं जीत है और छह मैचों से उसके भी 16 अंक हैं लेकिन गोल अंतर में गोवा आगे है। मैच का पहला गोल बेंगलुरू के लिए राहुल भेके ने 34वें मिनट में किया। पहले हाफ में बेंगलुरू 1-0 से आगे रही। दूसरा हाफ काफी नाटकीय रहा। इस हाफ में दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ियों को लाल कार्ड दिखाए गए। दोनों 10-10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हुईं। वापसी की चाह के लिए आतुर गोवा ने 72वें मिनट में बराबरी का गोल करते हुए मैच का रोमांच वापस ला दिया लेकिन 77वें मिनट में बेंगलुरू के कप्तान सुनील छेत्री ने गोल दागकर अपनी टीम को फिर बढ-त दिला दी, जो अंत तक कायम रही।