स्पोर्ट्स डेस्क। संयुक्त अरब अमीरात में ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाने के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम न्यूज़ीलैण्ड के साथ टी-20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला बहुत रोमांचक रहा जिसमें पाकिस्तान ने कीवी टीम को 2 रन से हराया। इसके बाद पाकिस्तान को न्यूज़ीलैण्ड के साथ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। हालाँकि ये सीरीज शुरू होने से पहले पाकिस्तान टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है कि टीम के पूर्व कप्तान अजहर अली ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय किया है।
कहा जा रहा है कि अज़हर अली ने टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। अली ने अपने वनडे करियर में 53 मैच खेले है जिसमें उन्होंने 36.90 की औसत से 18,45 रन बनाये है। इस दौरान अली ने तीन शतक और 12 अर्धशतक लगाए है जिसमें पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल मैच में भारत के खिलाफ खेली गई 59 रन की पारी भी शामिल है।
गौरतलब है कि अज़हर अली पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की वनडे टीम से बाहर चल रहे है। उन्हें इस साल की शुरुआत में न्यूज़ीलैण्ड के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी और इसके बाद से ही वे टीम से बाहर चल रहे थे। हालाँकि अज़हर पाकिस्तान टेस्ट टीम के महत्वपूर्ण हिस्सा बने हुए है।
बता दें कि 2015 से 2017 के बीच अली की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम वनडे रैंकिंग में 9वें स्थान पर फिसल गई थी और इस दौरान पाकिस्तान ने 4 सीरीज जीती थी लेकिन 5 सीरीज में उसे हार का सामना करना पड़ा था। अगले साल फरवरी में 34 वर्ष के होने वाले अज़हर ने पाकिस्तान के लिए 67 टेस्ट मैच खेले है लेकिन उन्हें अभी तक एक ही टी-20 मैच खेलने का मौका नहीं मिला है।
Herald