नई दिल्ली
भारतीय मुक्केबाजी के हाई परफॉर्मेंस निदेशक सैंटियागो निएवा का मानना है कि दिग्गज महिला बॉक्सर एम.सी मैरी कॉम के लिए यहां होने वाली विश्व चैम्पियनशिप में गोल्ड मेजल जीतना इतना आसान नहीं होगा। निएवा ने यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हर किसी को मैरी के छठा गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद है लेकिन यह आसान नहीं होगा। उन्हें बेहतर प्रदर्शन करना होगा, तभी वह स्वर्ण पदक जीत सकती हैं।’ उन्होंने कहा कि मैरी कॉम को दबाव से निपटना होगा। निएवा ने कहा, ‘हर कोई उन्हें जानता है। उन पर थोड़ा दबाव है लेकिन वह पहले भी इससे निपट चुकी हैं और हमें पूरा भरोसा है कि वह फिर से ऐसा कर सकती हैं।’
पदक की संभावनाओं के बारे में कहा, ‘मुझे कम से कम तीन पदकों की उम्मीद है, जिसमें एक गोल्ड भी हो सकता है। अगर हम ऐसा नहीं कर पाए तो यह प्रदर्शन बेहतर नहीं रहेगा। तीन पदकों से ज्यादा बोनस होगा।’ निएवा ने कहा, ‘लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा), मनीषा (54 किग्रा) ट्रेनिंग में प्रभावित कर रही हैं लेकिन टूर्नमेंट की बाउट पूरी तरह से अलग होती हैं। यह उनकी पहली विश्व चैम्पियनशिप है, उन्हें इसका अनुभव नहीं है लेकिन ये अच्छी मुक्केबाज हैं।’