Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

चुनावी लाभ के लिए भाजपा ने उठाया राममंदिर का मुद्दा: पायलट 

जयपुर। राजस्थान में सात दिसम्बर को एक चरण में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अभी प्रदेश की दोनों ही बड़ी पार्टियों भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। इसके लिए दोनों ही पार्टियों में मंथन जारी है।

वहीं इन चुनावों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं में एक-दूसरे के बीच जमकर जुबानी जंग छिड़ी हुई। इसी कड़ी में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने बीजेपी पर चुनावी लाभ के लिए राममंदिर का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दीपावली स्नेह मिलन के मौके पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोई भी हथकंडा अपनाए आगामी विधानसभा चुनाव में उसकी नहीं चलेगी। उन्होंने बताया कि राममंदिर का मामला कोर्ट में चल रहा है लिहाजा इस मुद्दे को चुनाव के वक्त उठाने का कोई औचित्य नहीं हैं। पायलट ने कहा कि बीजेपी ने चुनावी लाभ उठाने के लिए इस वक्त ये मुद्दा उठाया है।

इस दौरान राजस्थान के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच ही मुख्य मुकाबला होगा। उन्होंने ये बात संवाददाताओं द्वारा राजस्थान में कांग्रेस के साथ दूसरे दलों से गठबंधन के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में दिया है।

उन्होंने कहा कि सात दिसम्बर को होने वाले विधानसभा चुनावों में दूसरे दल कुछ वोट काटने तक ही सीमित रहेंगे। हालांकि इस दौरान पायलट ने कहा कि उनकी पार्टी की समान विचाराधारा वाले दलों से भी बातचीत चल रही हैं।

इस दौरान पायलट ने प्रदेश की सीएम वसुंधरा राजे पर भी जनहित की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा राजे के बीजेपी शासन में किसानों, बेरोजगारों, गरीबों के हित पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।