लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों क्रिकेट के मैदान से दूर हैं. उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया था. यानी अब वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले साल की शुरुआत में होने वाली वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे अगर वनडे टीम में उनका नाम बरकरार रखा गया.
इन दिनों फिलहाल अपने खाली समय में धोनी कई जगह पर नजर आ रहे हैं. कुछ दिन पहले जहां वो एक प्रमोशनल शूट के दौरान कबड्डी खेलते नजर आए थे वहीं हाल ही में वो मुंबई में आयोजित एक चैरिटी फुटबॉल मैच में जलवा बिखेरते दिखे जहां बॉलीवुड की भी कुछ बड़ी हस्तियां मौजूद थीं.

गौरतलब है कि फुटबॉल धोनी के जीवन का पहला खेल रहा था. वो अपने स्कूल में एक गोलकीपर हुआ करते थे जहां से सफर क्रिकेट की ओर मुड़ा और फिर इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. मुंबई में हुए चैरिटी फुटबॉल मैच में धोनी अपने इसी पहले पसंदीदा खेल का लुत्फ उठाते नजर आए.
बता दें कि उनके साथ मैदान पर बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर और अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे. वो मुंबई के ऑल स्टार्स फुटबॉल क्लब की ओर से खेल रहे थे और सभी की जर्सी पर ‘प्ले फॉर ह्यूमैनिटी’ लिखा हुआ था. इनके अलावा टीवी कलाकार विवियन द्सेना, शब्बीर रहमान और अपारशक्ति खुराना भी इस फुटबॉल मैच में हिस्सा लेते देखे गए.
The post फुटबॉल मैच में क्रिकेट के साथ दिखा बॉलीवुड का तड़का, रणबीर, अभिषेक, धोनी एक साथ appeared first on Live Cities.