Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आॅस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम इंडिया को लेकर सचिन ने की भविष्यवाणी, जानिए क्या कहा?

भारत के लिए आॅस्ट्रेलिया का दौरा हमेशा से मुश्किल भरा रहा है, लेकिन पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का कहना है कि मौजूदा भारतीय टीम में आॅस्ट्रेलिया में जीत हासिल करने का माद्दा है। सचिन के मुताबिक मौजूदा आॅस्ट्रेलियाई टीम में योग्यता और अनुभव की कमी है, लेकिन विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम को मेजबानों को मात देने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होगा। सचिन ने समाचार चैनल सीएनएन-न्यूज18 से कहा, 'हमारे वहां जीतने की काफी संभावना है। अगर आप अतीत की आॅस्ट्रेलियाई टीम को देखें और उसकी तुलना मौजूदा टीम से करें तो हमारा पलड़ा भारी नजर आता है। शायद हमारे लिए वहां जा कर जीतने का यह सर्वश्रेष्ठ मौका है। मेरा कहना है कि वह टीम इस समय उच्च स्तर की क्रिकेट नहीं खेल रही है। मुझे लगता है कि अतीत में उनकी टीमें काफी अच्छी थीं।'

'आॅस्ट्रेलिया को उसके घर में हराने के लिए अंदर भी आग होनी चाहिए'
उन्होंने कहा, 'उनके पास पहले अच्छे अनुभवी खिलाड़ी थे और यह टीम गैरअनुभवी है। यह टीम अपने आप को एकजुट करने की कोशिश कर रही है और एक अच्छी टीम बनने के प्रयास में है। लेकिन, आॅस्ट्रेलियाई टीम अपनी प्रतिद्वंद्विता के लिए जानी जाती है। अगर वह अच्छा मुकाबला करें तो मुझे हैरानी नहीं होगी। वहां जाना और उन्हें चुनौती देना आसान नहीं है। वहां जा कर उन्हें चुनौती देने के लिए हमारे अंदर आग होनी चाहिए। हमारे पास अच्छे तेज गेंदबाज और स्पिनर हैं। हमारे पास अच्छे बल्लेबाज भी हैं। आप टेस्ट मैच तब जीतते हैं जब आप काफी सारे रन बनाते हैं। विराट कोहली की कप्तानी शैली और उनकी मौजूदा फॉर्म टीम को मजबूती देगी। मुझे लगता है कि यह उनकी भूख है, उनकी मानसिक मजबूती है। उनमें स्थिति को परखने की अच्छी काबिलियत है।'

सचिन ने कहा- महेंद्र सिंह धौनी को अच्छे से पता है उन्हें क्या करना है
सचिन ने हाल ही में टी-20 टीम से बाहर किए गए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के भविष्य के बारे में भी बात की। सचिन ने कहा, 'मैं कभी कोई फैसला नहीं सुनाता। पहले भी मैंने कभी इस तरह की बातें नहीं की कि चयनकतार्ओं को क्या करना चाहिए। धौनी क्रिकेट के सभी प्रारूप में हमेशा से खतरनाक खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने इतने वर्षों में इसकी जिम्मेदारी भी ली है। मुझे हमेशा से लगता है कि जो खिलाड़ी इतने लंबे समय तक खेलता है, उसे पता होता है कि उसे क्या करने की जरूरत है। मैं भी उस स्थिति में रहा हूं। मैं जानता था कि मुझे क्या करने की जरूरत है। आप ड्रेसिंग रूम में बैठते हैं और अपने दोस्तों से विचार करते हैं। अपने कोच से कई चीजों पर चर्चा करते हैं और आप काफी हद तक जानते हैं कि आपको क्या करना है। मेरा मानना है कि धौनी बहुत अच्छे से जानते हैं कि क्या चल रहा है और उतने ही ठोस तरीके से जानते हैं कि क्या करने की जरूरत है।'