Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

रणजी ट्रॉफी: राजस्थान बड़ी बढ़त हासिल करने के करीब, जम्मू-कश्मीर के सात विकेट गिरे

खेल डेस्क। विकेटकीपर बल्लेबाज चेतन बिष्ट (159) की शतकीय पारी के बाद गेेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से दो बार ही पूर्व चैम्पियन राजस्थान ने अपने घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम पर रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी के मैच में जम्मू कश्मीर पर बढ़त हासिल करने की तैयारी कर ली है।

पहली पारी में 379 रन बनाने के बाद राजस्थान ने मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के सात विकेट केवल 187 रन पर ही झटक दिए हैं। जम्मू कश्मीर की इस पारी में राजस्थान की ओर से तनवीर उल हक और राहुल चाहर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। जबकि अनुभवी गेंदबाज अनिकेत चौधरी को एक विकेट मिला।

मेहमान टीम की ओर से कप्तान परवेज रसूल ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। जबकि शुभम खजुरिया और पारस शर्मा ने 40-40 रन का योगदान दिया।

इससे पहले राजस्थान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज चेतन बिष्ट ने अपनी 159 रन की शतकीय पारी के दौरान 294 गेंदो का सामना करते हुए 24 चौके लगाए। जबकि अशोक मेनारिया ने अपनी 59 अर्धशतकीय पारी के दौरान 87 गेंदों का सामना किया। जम्मू कश्मीर की ओर से मोहम्मद मुदासिर ने सर्वाधिक पांच विकेट हासिल किए। जबकि अनुभवी इरफान पठान तो एक भी विकेट नहीं ले सके।

मुदासिर ने 330 रन पर ही राजस्थान के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उन्होंने मैच के 99वें ओवर की चार गेंदों पर चार विकेट हासिल किए। इसके साथ ही इस रणजी सत्र में हैट्रिक बनाने वाले मोहम्मद मुदासिर पहले गेंदबाज बन गए।

उन्होंने चेतन बिष्ट, ताजिंदर सिंह, राहुल चाहर और तनवीर उल हक को लगातार गेंदों पर आउट किया। ताजिंदर सिंह, राहुल चाहर और तनवीर उल हक तो अपना खाता भी नहीं खोल सके। जम्मू कश्मीर अभी राजस्थान के स्कोर से 193 रन पीछे हैं जबकि उसके पास केवल तीन विकेट ही शेष हैं।

जबकि देहरादून में 18 वर्ष के लम्बे अंतराल के बाद रणजी में वापसी करने वाले बिहार की इस टूर्नामेंट में शुरुआत निराशाजनक रही। बिहार को रणजी ट्रॉफी प्लेट मैच में नवोदित उत्तराखंड टीम के हाथों केवल दो दिन के अंदर ही 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है।