खेल डेस्क। गेंदबाजों की कातिलाना गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे ने सिलहट में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 155 रन से शिकस्त दी।ब्रेंडन मावुता और ऑफ स्पिनर सिकंदर रजा की शानदार गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम 321 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी दूसरी पारी में केवल 169 रन पर ही ढेर हो गई। इसके साथ ही जिम्बाब्वे ने पांच साल बाद टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहली जीत दर्ज की है।
जिम्बाब्वे ने इससे पहले सितम्बर 2013 में पाकिस्तान को हरारे में 24 रन से शिकस्त दी थी। वहीं उसने बांग्लादेश के खिलाफ भी पांच साल बाद जीत दर्ज की। उन्होंने इससे पहले भी बांग्लादेश को ही चटगांव में साल 2013 में हराया था। यह जिम्बाब्वे की विदेश में केवल तीसरी टेस्ट जीत है।
मैच में जिम्बाब्वे ने सीन विलियम्स की 88 रन की अर्धशतकीय पारी की मदद से पहली पारी में 282 रन बनाए। इसके जवाब में मेजबान टीम अपनी पहली पारी में केवल 143 रन ही बना सकी थी। जिम्बाब्वे ने दूसरी में 181 रन बनाकर बांग्लोदश को 321 रन का लक्ष्य दिया था।
बांग्लोदश के सलामी बल्लेबाज लिटिन दास और इमरूल कायस ने पहले विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही बांग्लादेश के विकटों का पतन शुरू हो गया।
लिटन दास ने 23 और इमरूल कायेस ने 43 रन का योगदान दिया था। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा अरिफुल हक ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का सामना कर सके। अरिफुल हक ने 38 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रेंडन मावुता ने 21 रन देकर सबसे ज्यादा चार विकेट हासिल किए जबकि ऑफ स्पिनर सिकंदर रजा 41 रन देकर तीन विकेट प्राप्त करने में सफल रहे। मसाकाद्जा ने दो और जार्विस ने एक विकैअ अपने नाम किए।