Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

कांबली की भविष्यवाणी, ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतेगा भारत

मुंबई 
पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ और धुरंधर डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गजों के उपलब्ध नहीं रहने के कारण टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। विराट कोहली की शानदार फॉर्म से प्रभावित कांबली ने भारतीय कप्तान की जमकर तारीफ की और कहा कि वह रनों के भूखे हैं तथा मैदान पर अपना शत प्रतिशत योगदान देते हैं। कांबली ने कहा, ‘हमारी टीम की बहुत अच्छी संभावना है। हम इस सीरीज (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) को जीतने जा रहे हैं। उनकी टीम के दो मुख्य बल्लेबाज (स्मिथ और वॉर्नर) नहीं खेलेंगे और इसका हमें पूरा फायदा उठाना चाहिए।’ स्मिथ और वॉर्नर पर साउथ अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ के मामले के कारण एक साल का प्रतिबंध लगा है। भारतीय टीम इस महीने ऑस्ट्रेलिया के लंबे दौरे पर जाएगी जहां वह 3 टी20, 4 टेस्ट और 3 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच एडिलेड में 6 दिसंबर से खेला जाएगा। कांबली ने युवा ओपनर पृथ्वी साव की भी तारीफ की जिन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की। कांबली ने कहा, ‘वह स्ट्रोक प्लेयर हैं और लगातार रन बनाना पसंद करते हैं। असल में उन्हें शॉट खेलना पसंद है। उनको यही सलाह है कि वह अपना नैसर्गिक खेल खेलें।’