Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

समीर वर्मा ने जीता सिंगल्स का खिताब, चीन के ग्वांगजू लु को दी मात

नई दिल्ली
भारत के स्टार शटलर समीर वर्मा ने सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन ग्रां प्री के सिगल्स का खिताब अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में उन्होंने चीन के ग्वांगजू लु को 16-21, 21-19, 21-14 से हराया। हालांकि, इससे कुछ देर पहले ओलिंपिक मेडल विनर साइना नेहवाल महिला वर्ग का ताज दोबारा हासिल नहीं कर सकीं। उन्हें चीन की हान यू के खिलाफ उन्हें 18-21, 8-21 से हार का सामना करना पड़ा। 

मुकाबले का पहला गेम समीर समीर के खिलाफ गया। चीनी शटलर ने बेहद आसानी से यह गेम जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने न केवल जोरदार वापसी की, बल्कि दूसरा और तीसरा गेम लगातार जीतते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। समीर ने लगातारी दूसरी बार यह चैंपियनशिप अपने नाम की। 

दूसरी ओर, ग्रां प्री के फाइनल मुकाबले में साइना को चीन की तेजतर्रार खिलाड़ी हान यू के हाथों 18-21, 8-21 से पराजय का सामना करना पड़ा। लखनऊ स्थित बीबीडी अकादमी में खेले गए फाइनल में साइना पर सभी की निगाहें लगी हुई थीं। लंदन ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना 2015 के बाद सैयद मोदी ग्रां प्री का खिताब नहीं जीत पाई हैं। 

साइना को 34 मिनट तक चले मैच के पहले गेम से ही विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता यू के खिलाफ कड़ा संघर्ष करना पड़ा। चीनी प्रतिद्वंद्वी ने अपने तेजतर्रार और चालाकी भरे खेल से भारतीय खिलाड़ी को कई बार चौंकाया। शुरुआत में 0-2 से पिछड़ी साइना ने एक वक्त 6-5 से बढ़त बना ली थी लेकिन वह इसे ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रख सकीं। 

अश्विनी-सिक्की की जोड़ी को मिली हार
भारत की अनुभवी महिला युगल जोड़ी अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी को असफलता हाथ लगी। महिला युगल वर्ग के फाइनल में मिली हार के कारण सिक्की और अश्विनी की जोड़ी खिताब जीतने दूर रह गई। फाइनल में वर्ल्ड नंबर-25 जोड़ी अश्विनी और सिक्की को मलयेशिया की चाउ मेइ कुआन और ली मेंग यीन की जोड़ी ने मात दी और खिताब अपने नाम कर लिया। मेइ और मेंग की वर्ल्ड नम्बर-19 जोड़ी ने फाइनल में 45 मिनट तक चले मुकाबले में भारत की अश्विनी और सिक्की की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-15, 21-13 से मात दी।