इंटरनेट डेस्क। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच इस समय तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। शुक्रवार को खेले गए इस सीरीज के दूसरे मैच में पाकिस्तान की टीम ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है।
दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 153 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। कीवी टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने आतिशी तेवर दिखाते हुए 2 छक्को और 4 चौको की मदद से 28 गेंदों पर 44 रन बनाए। जवाब में उतरी पाकिस्तान की टीम ने 19.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर ही 154 रन बना कर ये सीरीज अपने नाम कर ली है। पाकिस्तान की ओर फखर जमान ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाए वहीं, बाबर आजम ने 41 गेंदों पर 40 रन बनाए। बाद में मोहम्मद हफीज ने 21 गेंदों पर 34 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को विजय तक ले गए। इसके साथ ही पाकिस्तान की टीम ने लगातार 11वीं सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया है।
पाकिस्तान की और से शाहीन आफरीदी ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और टीम को लगातार 11वीं सीरीज जीताने में अहम योगदान दिया। पाक के इस गेंदबाज ने अपने चार ओवर के स्पेल में 20 रन खर्च करके तीन बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाने में अहम योगदान दिया। शाहीन आफरीदी को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन आॅफ द मैच अवॉर्ड दिया। इस टी20 सीरीज का अंतिम टी20 मैच 4 नवंबर रविवार को खेला जाएगा। उसके बाद पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे सीरीज और तीन टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।