Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

हॉकी विश्वकप: भारत और बेल्जियम ने खेला 2-2 का ड्रा

भुवनेश्वर
भारत ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए ओलम्पिक रजत विजेता बेल्जियम पर 2-1 की बढ़त बना ली थी लेकिन 56वें मिनट में गोल खाने के कारण मेजबान भारतीय टीम को रविवार को विश्व कप हॉकी टूर्नामेंट का यह मुकाबला 2-2 से ड्रा खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। बेल्जियम के लिए एलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने आठवें और सायमन गौगनार्ड ने 56वें मिनट में गोल दागे जबकि  भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 40वें और सिमरनजीत सिंह ने 47वें मिनट में  गोल किये। भारत का दो मैचों में यह पहला ड्रॉ रहा। उसने अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से हराया था।भारत के दो मैचों से चार अंक हो गए हैं। बेल्जियम का भी यह पहला ड्रा है और उसके भी चार अंक हैं लेकिन बेहतर गोल औसत के आधार पर भारत अपने पूल में टॉप पर है। कलिंगा स्टेडियम में भारत ने दूसरे हाफ की शानदार वापसी के बावजूद जीत का मौका गंवाया लेकिन कोच हरेंद्र सिंह के लिए संतोष की बात यही रहेगी कि भारतीय टीम ने मुकाबले में लड़ने का पूरा जज्बा दिखाया। इस ड्रा के बाद भारत के पूल में टॉप करने और सीधे क्वार्टरफाइनल में जाने की सम्भावना बढ़ गयी है। भारत को अपना आखिरी मैच कनाडा से और बेल्जियम को अपना आखिरी मैच दक्षिण अफ्रीका से खेलना है।

भारत इस समय गोल औसत के मामले में बेल्जियम से काफी आगे है। आखिरी पूल मैचों में बेल्जियम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी जीत की उम्मीद करनी होगी जबकि भारत को कनाडा के खिलाफ उतरते समय यह ध्यान रखना होगा कि  कनाडा ने बेल्जियम के खिलाफ कड़े संघर्ष में 1-2 से हार झेली थी। पिछले पांच वर्षों में भारत और बेल्जियम के बीच यह 20वां मुकाबला था जिनमें बेल्जियम ने 13 मैच जीते हैं जबकि भारत ने पांच मैच जीते हैं और दो मैच ड्रा रहे हैं। दोनों टीमों के बीच चैंपियंस ट्रॉफी में खेला गया पिछले मैच 1-1 से ड्रा रहा था।