साल 2011 विश्वकप की स्मृतियां भारत के हर क्रिकेट प्रेमी के दिल में आज भी मौजूद है। करीब 28 साल बाद भारत ने यह विश्व कप जीतकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी ताकत का लोहा मनवाया। वर्ल्ड कप 2011 की इस चैंपियन टीम में एक से बढ़कर एक दिग्गज खिलाड़ी मौजूद थे। इनमें से कुछ खिलाड़ी आईपीएल खेलकर अपने खेल को जिंदा रखे हुए हैं, तो कुछ ने क्रिकेट की दुनिया से संन्यास ले लिया है। आइए जानें, ये धुरंधर खिलाड़ी आजकल क्या रहे हैं।
ज़हीर खान
विश्वकप 2011 में तेज गेंदबाज ज़हीर खान ने 21 विकेट हासिल किए थे। साल 2015 में जहीर खान ने क्रिकेट जगत से संन्यास ले लिया। कुछ सालों बाद उन्होंने आईपीएल को भी अलविदा कह दिया। ज़हीर खान ने अभिनेत्री सागरिका घाटगे से शादी कर ली है। आजकल यह जोड़ी एक साथ वक्त बिता रही है। हां, कभी-कभी जहीर खान टीवी पर कमेंट्री करते नजर आते हैं।
श्रीसंत
वर्ल्ड कप 2011 में श्रीसंत ने केवल 2 मैचे खेले थे। इसके बाद वह आईपीएल खेलने लगे। आईपीएल के 6वें संस्करण में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में श्रीसंत पर बैन लगा दिया गया। इसके बाद यह शानदार गेंदबाज कभी क्रिकेट नहीं खेल पाया। फिलहाल श्रीसंत टीवी पर आने वाले चर्चित शो बिग बॉस में नजर आ रहे हैं।
मुनाफ पटेल
मुनाफ पटेल ने विश्व कप 2011 में कुल 11 विकेट चटकाए थे। विश्वकप के बाद मुनाफ पटेल को फिर कभी टीम में खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद वह कभी-कभी आईपीएल खेलते हुए नजर आते रहे। इस वक्त वह क्रिकेट से दूर रहकर अपने गांव में वक्त बिता रहे हैं।
युवराज सिंह
विश्व कप 2011 में युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। विश्वकप 2011 के बाद तो जैसे युवराज सिंह को नजर ही लग गई। विश्वकप के बाद उन्होंने कैंसर को मात देकर दोबारा क्रिकेट में वापसी की। फिलहाल वह आईपीएल में नियमित रूप से खेल रहे हैं। इस साल आईपीएल सीजन 12 में मुंबई इंडियंस ने युवराज सिंह को एक करोड़ रूपए में खरीदा है।
हरभजन सिंह
हरभजन सिंह ने 2011 वर्ल्डकप में 9 विकेट झटके थे। साल 2016 के बाद वह दोबारा टीम इंडिया में नजर नहीं आए। अब वह आईपीएल में खेलते हैं। माना जा रहा है कि हरभजन सिंह भी जल्द ही संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
गौतम गंभीर
विश्वकप 2011 में गौतम गंभीर ने फाइनल मैच में 97 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद टीम इंडिया में उनका आना जाना लगा रहा, लेकिन बाद के वर्षों में टीम इंडिया में उन्हें जगह नहीं मिली। वह आईपीएल मैच खेलते रहे। आईपीएल 2018 में गंभीर दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा थे। गौतम गंभीर ने इस सालक्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। ऐसा माना जा रहा है कि वह अब राजनीति में उतर सकते हैं।
सचिन तेंदुलकर
6 विश्वकप इंतजार करने के बाद साल 2011 में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले धुरंधर खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को यह फी उठाने का मौक़ा मिला। विश्वकप 2011 के दौरान उन्होंने इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक भी जड़े। साल 2013 में सचिन ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। फिलहाल सचिन राज्यसभा सांसद हैं तथा आईपीएल में टीम मुंबई इंडियंस के मेंटर भी हैं।
वीरेंद्र सहवाग
विश्वकप 2011 में वीरेंद्र सहवाग ने बांग्लादेश के खिलाफ 175 रनों की शानदार पारी खेली थी। विश्वकप के बाद भी यह तूफानी बल्लेबाज टीम इंडिया का हिस्सा बना रहा। बाद में वीरेंद्र सहवाग ने दिल्ली तथा पंजाब की तरफ आईपीएल भी खेला। सहवाग ने साल 2015 में क्रिकेट के सभी फार्मेट से संन्यास ले लिया। आईपीएल 2018 में वीरेंद्र सहवाग किंग्स इलेवन पंजाब के मेंटर रहे।
Herald