खेल डेस्क। साल 2018 का समापन होने में अब दो दिन ही बाकी है। लोग बेसब्री से नए साल का इंतजार कर रहे हैं। जब साल समाप्त होने वाला है तो आज हम क्रिकेट के उन खिलाडिय़ों का जिक्र कर लेते हैं जो किसी न किसी कारण से इस साल सुर्खियों में बने रहे।
विश्व क्रिकेट में इस वर्ष दो करिश्माई कप्तान सुर्खियां हासिल करने में विशेष रूप से कामयाब हुए हैं। उसमें से एक भारतीय कप्तान विराट कोहली और दूसरे ऑस्टे्रलिया के पूर्व कप्तान स्टीवन स्मिथ हैं।
विराट अपने बल्ले के दम पर और स्मिथ बॉल टैंपरिंग के कलंक के कारण सुर्खियों में बने रहे। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इस साल अपने बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया है। इस साल उन्होंने 11 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए हैं। इनमें से उन्होंने छह वनडे में और पांच टेस्ट क्रिकेट में लगाए हैं।
इस साल टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट में 1322 और वनडे में 1202 रन जोड़े हैं। इस दौरान विराट ने मुश्किल से मुश्किल विकटों पर भी रन बनाकर अपना लोहा मनवाया है। अब वह भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया में 70 बरस में पहली बार शृंखला मेें जीत दिलवाने की दहलीज पर खड़े हुए हैं।
कंगारू टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेडख़ानी करने का कलंक लगने के कारण सुर्खियों में रहे। इस कारण उन्हें एक साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट को झकझोर देने वाले इस प्रकरण के कारण ही डेविड वार्नर पर भी एक साल का और कैमरन बेनक्रोफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। इसी कारण स्थिम और वार्नर को इस साल आईपीएल से बाहर कर दिया गया था।